जिला स्तरीय जनसुनवाई में साकार हुआ सुशासन का संकल्प

कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई से मिली आमजन को राहत
उदयपुर 20 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई और सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्ट्रेट स्थित राजस्थान संपर्क आईटी केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के निस्तारण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता नजर आई। राजस्थान संपर्क पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन 181 पर दर्ज परिवादों के निस्तारण के दौरान उदयपुर शहर से लेकर जिले के विभिन्न दूर-दराज के गांवों से आए ग्रामीणों की समस्याओं को कलक्टर पोसवाल ने धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली जनसुनवाई के दौरान कलक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों को सुना और जनता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
समस्याओं का शीघ्र निस्तारण होः कलक्टर
जनसुनवाई के दौरान पानी, बिजली, सड़क, अतिक्रमण, अवैध कब्जे, यूआईटी, नगर निगम, चिकित्सा विभाग से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। सहायक निदेशक (लोकसेवा) रमेश सिरवी ने बताया कि जिला स्तरीय जनसुनवाई में 143 परिवाद प्राप्त हुए. जिनमें 8 का मौके पर निस्तारण किया तथा शेष प्रकरणों के लिए त्वरित निस्तारण के लिए कलक्टर पोसवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि सतर्कता समिति की बैठक में विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, यूडीए आयुक्त, सीएमएचओ डॉ शंकर बामनिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि जिले के सभी उपखंड कार्यालयों के अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुए।
समस्याओं का समाधान हुआ तो खिले चेहरे
जनसुनवाई के दौरान अपनी लंबित शिकायतों का निस्तारण होने पर परिवादियों ने जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल और राज्य सरकार का आभार जताया। ऐसे ही एक प्रकरण में एक परिवादी महिला को विगत 3 वर्षों से कंट्रोल से अनाज उपलब्ध नहीं हो पा रहा था ऐसे में कलेक्टर ने आधार लिंकिंग से समस्या के बारे में जिला रसद अधिकारी को निर्देश प्रदान कर हाथों हाथ समाधान करवाया, तो महिला ने कलक्टर पोसवाल का आभार प्रकट किया।

विधानसभा नियंत्रण कक्ष स्थापित
उदयपुर, 20 जून। सोलहवीं विधानसभा का द्वितीय सत्र 3 जुलाई से पुनः प्रारंभ हो रहा है। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर जिला स्तर पर विधानसभा प्रश्नोत्तर के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के कैंटीन कक्ष में संचालित आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के साथ ही विधानसभा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी राजकीय संस्कृत कॉलेज उदयपुर के व्याख्याता महामाया प्रसाद चौबीसा (9829430220) होंगे।

डीआरएम की बैठक स्थगित
उदयपुर, 20 जून। आगामी 24 जून को प्रस्तावित उद्योग संबंधी विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की जिला स्तरीय समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी समिति की सदस्य सचिव एवं जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने दी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन आज
सांसद-कलक्टर ने हर वर्ग को अपनी भागीदारी निभाने का किया आह्वान

उदयपुर, 20 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन शुक्रवार 21 जून की सुबह 6.30 बजे से शहर के भंडारी दर्शक मंडप गाँधी ग्राउंड में होगा। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत और जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने इस वृहद स्तरीय आयोजन में हर वर्ग को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद उदयपुर कीर्ति राठौड़ ने भी सभी शहरवासियों से अंतराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में नियत समय पर पहुंच कर योग के इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। वहीं समस्त सरकारी संस्थानों एवं शिक्षण संस्थाओं में वृहद स्तर पर योग दिवस मनाने के दिशा-निर्देश जारी किये गये है।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग नोडल अधिकारी योग डॉ. राजीव भट्ट ने कहा कि 21 जून के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य  कार्यक्रम में  अधिक से अधिक संख्या में सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व आमजन आकर शामिल होकर इस कार्यक्रम को भव्य बनावें। सहायक नोडल एवं जिला योग समन्वयक डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हम 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। पिछले 1 माह से चल रहे प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास के बाद जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग एवं पतंजलि योग समिति के साथ शहरवासी मिलकर 21 जून के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे। इससे पूर्व गुरुवार को गांधी ग्राउण्ड में योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योग का पूर्वाभ्यास किया गया।

जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 21 को
उदयपुर, 20 जून। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार 21 जून को सुबह 11 बजे जिला प्रमुख श्रीमती ममता कुंवर पंवार की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित की जाएगी। जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!