– जिनशासन की सेवा में सदैव अग्रणी रहें : महासती पुष्पावती
उदयपुर, 13 अप्रेल। श्री हुक्मगच्छीय साधुमार्गी स्थानकवासी जैन श्रावक संस्थान के तत्वावधान में न्यू केशवनगर स्थित वर्धमान विहार में नवीन भूखंड पर एक घंटे नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप का आध्यात्मिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
श्रीसंघ अध्यक्ष इंदर सिंह मेहता ने बताया कि सामूहिक नवकार महामंत्र के जाप के आयोजन में आचार्य श्री विजयराज जी म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी महासती श्री पुष्पावती जी म.सा. आदि ठाणा का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महासती श्री पुष्पावती जी म.सा. ने फरमाया कि हमें जिनशासन की सेवा में सदैव तन, मन और धन से अग्रणी रहना चाहिए। अपनी लक्ष्मी का सदुपयोग धर्म कार्यों में कर अधिक से अधिक पुण्य अर्जित करें। हम अत्यंत भाग्यशाली हैं कि हमें जैन धर्म जैसा महान धर्म प्राप्त हुआ है। जैन समाज सदैव सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी रहेगा। महासती श्री साधनाश्री जी म.सा. ने भी प्रेरणादायी एवं हृदयस्पर्शी उद्बोधन फरमाया। समारोह को सम्बोधित करते हुए इंदर सिंह मेहता ने बताया कि शीघ्र ही इस भूखंड पर नवीन आत्मोदय नवकार भवन का निर्माण समिति के संयोजक ललित बम्ब व सह संयोजक विश्वजीत बम्बोरिया के निर्देशन में प्रारम्भ होने जा रहा है, जिसकी सारी तैयारियां की जा चुकी हैं। मंत्री पुष्पेन्द्र बड़ाला ने बताया कि जाप में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरे वातावरण में नवकार मंत्र की दिव्य ध्वनि गूंजती रही। सैकड़ों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की। वहीं श्रीसंघ की रत्न स्तम्भ योजना की जानकारी भी प्रदान की गई जिसमें अब तक 184 सदस्यों की स्वीकृति आ चुकी है वहीं 20 नए सदस्यों ने अपनी स्वीकृति प्रदान की। कार्यक्रम में युवा संघ अध्यक्ष अंकित बोलिया एवं महिला संघ की अध्यक्षा डॉ. रेखा बड़ाला के नेतृत्व में युवा संघ एवं महिला संघ के सभी सदस्यों ने पुरुस्कार वितरण एवं समस्त व्यवस्थाओं को अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सुंदर रूप से संभाला। कार्यक्रम के उपरांत स्नेहिल वातावरण में अल्पाहार का आयोजन भी किया गया।
नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से गूंज उठा पांडाल
