तीन साल से फरार ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ्तार, लाखों की ठगी का खुलासा

उदयपुर, 12 जुलाई : झाड़ोल थाना पुलिस ने तीन वर्ष से फरार चल रही ‘लुटेरी दुल्हन’ जानवी जयश सोलके को सूरत (गुजरात) से धर दबोचकर बड़ी ठगी का पर्दाफाश किया है। जानवी पर आरोप है कि उसने शादी का नाटक रचकर 3.10 लाख रुपये एवं स्वर्णाभूषण लेकर दूल्हे को ठगकर फरार हो गई थी।

शादी का बहाना, लाखों की ठगी
फरवरी 2022 में झाड़ोल निवासी हिम्मतकुमार भण्डारी और उनकी पत्नी लक्ष्मीदेवी ने कमलेश टेलर (फलासिया) से कहा कि वे जानवी को जानते हैं और रिश्ता पक्का करा देंगे। 22 फरवरी 2022 को हिम्मतकुमार, लक्ष्मीदेवी, जानवी और शांता बाई फलासिया पहुंचे। कमलेश ने तयशुदा 3.10 लाख रुपये हिम्मतकुमार को अदा किए और उसी दिन हिंदू रीति से सभी रस्में निभाकर जानवी से विवाह हुआ। अगले दिन नववधू ससुराल में रही, पर 3 मार्च 2022 को पिता की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर वह मायके जाने के लिए निकली और जाते‑जाते घर से पायल, सोने का नथ और मोबाइल भी ले गई। उसके बाद उसने कोई संपर्क नहीं किया।

मामला दर्ज, दो आरोपित पहले ही पकड़े
कमलेश की शिकायत पर 6 अगस्त 2023 को झाड़ोल थाने में केस दर्ज हुआ। पुलिस पूर्व में सहआरोपी हिम्मतकुमार भण्डारी और लक्ष्मीदेवी को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी जानवी फरार थी।

गुप्त सूचना से लगा सुराग
थानाधिकारी फेलीराम मीणा के नेतृत्व में टीम बनाई गई। मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने जानवी को सूरत के मुकूंदवाड़ी इलाके से डिटेन कर पूछताछ की, जहाँ से ठोस सबूत मिलने पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उदयपुर लाया गया।

आगे की कार्रवाई
आरोपित जानवी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे ठगी की रकम एवं जेवरात की बरामदगी, साथ ही किसी अन्य संभावित ठगी नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान घटना से जुड़े और तथ्य सामने आएंगे, जिससे पीड़ित को न्याय दिलाया जा सकेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!