-गंगानगर-बीकानेर के सरहदी इलाकों पर छाया घना कोहरा; सीकर-हनुमानगढ़ में पारा लुढ़का
जयपुर. राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में बुधवार को लगातार तीसरे दिन पारा जमाव बिंदु पर दर्ज हुआ। गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के ग्रामीण इलाकों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। सीकर में भी आज तापमान में गिरावट हुई, जिससे यहां कल की तुलना में सर्दी थोड़ी ज्यादा रही।
मौसम विशेषज्ञों की माने तो राज्य में फिलहाल दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में कोई खास बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। बुधवार को सबसे कम तापमान माउंट आबू में शून्य पर दर्ज हुआ। मंगलवार को यहां तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस था। आज तीसरा दिन है, जब माउंट आबू की वादियों में बर्फ जमी नजर आई। इधर अलवर, बीकानेर, जैसलमेर, सीकर में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में रहा।
रेगिस्तानी जिले जैसलमेर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 9.7 पर पहुंच गया। जैसलमेर में सर्दी बढ़ने के साथ ही पयर्टकों की आवाजाही भी बढ़ गई। इधर, सरहदी जिले बीकानेर और गंगानगर में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन दोनों ही जिलों में पाकिस्तान से लगती सीमा के गांवों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण यहां दृश्यता 200 मीटर से भी कम रह गई। हनुमानगढ़ जिले में भी स्थिति ऐसी रही, यहां के ग्रामीण इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा। हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6
जयपुर में गिरा पारा
राजधानी जयपुर के तापमान में आज 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। जयपुर में सुबह न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में मंगलवार को दिन में तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। देर शाम जयपुर में हल्की सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन रही। आज सुबह से आसमान साफ है और तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली।
