शिक्षकों ने जाना राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सही गायन

शिल्पग्राम में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
उदयपुर, 13 अप्रैल। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रगीत के शुद्ध गायन एवं प्रोटोकॉल विषयक एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शिल्पग्राम में किया गया।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन दलवी ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह कार्यशाला शिक्षा विभाग (माध्यमिक शिक्षा) के सहयोग से उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए शिल्पग्राम, उदयपुर में सोमवार को आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों तक राष्ट्रगीत के सही स्वरूप को पहुंचाना था। कार्यशाला के पश्चात सभी प्रतिभागी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को राष्ट्रगीत का नियमित अभ्यास करवाएंगे, जिससे नई पीढ़ी में राष्ट्रभावना का विकास हो सके।
कार्यशाला में वरिष्ठ संगीतकार डॉ. प्रेम भण्डारी ने प्रतिभागी शिक्षकों को राष्ट्रगीत के सही उच्चारण, लय एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गायन का प्रशिक्षण दिया गया। इनके साथ गायन पर डॉ. पामिल मोदी एवं तबले पर ओम कुमावत थे। इस कार्यशाला में करीब 50 से अधिक माध्यमिक शिक्षा के संगीत/प्रार्थना प्रभारी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया ।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि भी दी गई।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेतना भाटी एवं केन्द्र के उपनिदेशक (कार्यक्रम) पवन अमरावत ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक (वित्त एवं लेखा) दुर्गेश चांदवानी, अधीक्षण अभियंता सी.एल. सालवी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सिद्धांत भटनागर ने किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!