जिला कलक्टर का सघन दौरा
यूआईटी द्वारा प्रगतिरत विकास कार्यों का लिया जायजा
उदयपुर, 5 अक्टूबर। जिला कलक्टर एवं नगर विकास प्रन्यास अध्यक्ष अरविंद पोसवाल ने गुरुवार को न्यास द्वारा उदयपुर में नवीन प्रगतिरत महत्वपूर्ण विकास कार्यो का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगतिरत निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए कार्य के दौरान गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने और सभी कार्यों को समय पर पूरा करते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम न्यास की रुपान्तरित ट्रांसपोर्ट नगर बेड़वास योजना में 304 लाख रूपए की लागत के प्रगतिरत आन्तरिक सड़कों का मौका निरीक्षण किया। न्यास के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा ने इस संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि लगभग 3 किमी लम्बाई में 100 फीट, 60 फीट एवं 40 फीट सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही आवश्यकतानुसार जंक्शन एवं जल प्लावन के क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा।
उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑरगेनाईजेशन के प्रतिनिधियों से की चर्चा
जिला कलक्टर ने मौके पर उपस्थित उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑरगेनाईजेशन बेडवास के पदाधिकारियों से वार्ता की एवं यहां मूलभूत सुविधाओं एवं संगठन के बारे में जानकारी लेते हुए उनकी समस्या को सुना। उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन बेडवास के पदाधिकारियों को आग्रह किया कि इस परिसर को फलदार पौधे लगाकर और सुन्दर बनाये। ऑर्गेनाइजेशन अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह राणावत ने कलक्टर को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए 1001 पौधे लगाए जाएंगे। कलक्टर मौके पर उपस्थित न्यास अधिकारियों को कार्य को शीघ्र गुणवत्ता पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए।
बिछड़ी-सिहाड़ा के मध्य बेड़च नदी पर पुलिया निर्माण कार्य देखा
इसके बाद कलक्टर ने बिछड़ी-सिहाड़ा के मध्य बेड़च नदी पर 302.00 लाख रूपए की लागत के प्रगतिरत पुलिया निर्माण कार्य का मौका निरीक्षण किया। स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में वर्षा ऋतु के दौरान वर्ष में लगभग 5 माह बेडच नदी में पानी का प्रवाह होने से स्थानीय ग्रामीणों एवं अध्यनरत विद्यार्थियों को विद्यालय में जाने हेतु लगभग 10 कि.मी. की अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। इस संबंध में कलक्टर ने ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। यहां ग्रामीणों ने कलक्टर का पगड़ी व उपरना पहनाकर स्वागत किया और इस कार्य के लिए आभार जताया।
प्रतापनगर चौराहा से बलीचा तिराहा तक सड़क विस्तार कार्य का किया निरीक्षण
कलक्टर ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2022-23 मे ंप्रस्तावित महत्वपूर्ण प्रतापनगर चौराहा से बलीचा तिराहा तक मौजूदा 11.50 कि.मी. लम्बाई की सड़क को 4-लेन अनुसार विस्तार के 71.32 करोड़ रुपये के कार्य का भी मौका निरीक्षण किया। मौके पर प्रगतिरत इंजिनियरिंग सर्वे एवं कार्य के अन्तर्गत प्रस्तावित रिटेनिंग वॉल हेतु प्रगतिरत अर्थवर्क के कार्य के निरीक्षण उपरान्त कलक्टर ने 11.50 किमी लम्बाई में योजना के अन्तर्गत प्रस्तावित समस्त कार्यो एवं उपलब्ध मार्गाधिकार की जानकारी ली एवं कार्य को निर्धारित समयावधि से पूर्व पूर्ण किये जाने के निर्देश प्रदान किये ताकि उदयपुर शहर में इस मार्ग पर लगने वाले निरन्तर ट्रेफिक जाम की स्थिति से आमजन को निजात दिलाई जा सके।
कलक्टर ने न्यास की वाणिज्यिक योजना आरसीए, माली कॉलोनी, ’’ए’’ एवं ’बी’ब्लॉक राशि 29 लाख रुपये की लागत के प्रगतिरत योजना की आन्तरित सड़कों का भी मौका निरीक्षण किया। वहां स्थानीय व्यापार संघ के सदस्यों से विस्तृत चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके पश्चात् मास्टर प्लान की प्रस्तावित 60 फीट सड़क जो कि टेकरी चौराहे को न्यास की वाणिज्यिक योजना को जोड़ती है, के सड़क मार्गाधिकार क्षेत्र में आ रहे व्यवधान को शीघ्र खोलकर सड़क निर्माण किये जाने के निर्देश प्रदान किये। कलक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य से घणी आबादी से एक तरफा यातायात की सुगमता होने से आमजन को ट्रेफिक समस्या से निजात मिलेगी। कलक्टर के इस दौरे के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा, अधिशाषी अभियंता हितेश सुखवाल, ओमप्रकाश कुमावत, विजय पटेल, सहायक अभियंता प्रभुलाल सुथार आदि उपस्थित थे।
विधानसभा चुनाव के तहत अन्तर्राज्यीय समन्वय के संबंध मुख्य सचिव आज लेंगी बैठक
उदयपुर, 5 अक्टूबर। राज्य में आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 की तैयारियों के संबंध में अंतरराज्यीय समन्वय हेतु मुख्य सचिव राजस्थान द्वारा अतिरिक्त मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विभाग व महानिदेशक पुलिस गुजरात के साथ 6 अक्टूबर को अपरान्ह 4.30 बजे से 05.30 बजे तक संभागीय आयुक्त कार्यालय उदयपुर में एक बैठक आयोजित होगी।
यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त संभागीय आयुक्त महावीर खराड़ी ने बताया कि बैठक में बॉर्डर मिटिंग, समन्वय एवं संयुक्त कार्यवाही, सूखा दिवस घोषणा व पालना, सीमावर्ती जिलों में शस्त्र जमा कराने संबंधी कार्यवाही, बॉर्डर चेक पोस्ट पर सीसीटीवी से निगरानी, बॉर्डर सील संबंधी कार्यवाही, बॉर्डर पर अवांछित आवाजाही व प्रतिबंधित सामग्री के आदान प्रदान पर विशेष नजर रखने, आवश्यक संसाधन यथा होमगार्ड, सीविल पुलिस, वायरलेस सेट, जेमर, बीपी व्हीकल्स आदि की आवश्यकताओं के साथ अन्य महत्पूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।