स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसेडर के.के. गुप्ता ने ली सभी नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक
प्रतापगढ़,5 मार्च । जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसेडर, राजस्थान सरकार के श्री के.के. गुप्ता द्वारा जिले के समस्त नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री महोदय श्री भजनलाल शर्मा साहब का संकल्प है कि हमारा राज्य समृद्ध और विकसित बने जिसके लिए स्वच्छ भारत मिशन अभियान सबसे महत्वपूर्ण घटक का कार्य करता है।
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को अब एक जन आंदोलन बनाना है। इसके लिए जनता के साथ-साथ इस मिशन से जुड़े हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आपकी शत प्रतिशत भागीदारी के बिना इसमें वांछनीय लक्ष्य प्राप्ति संभव नहीं है।
बैठक में श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि सभी निकाय अपने-अपने क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें तथा यह कार्य समयबद्ध रूप से किया जाए। प्लास्टिक उपयोग पर सख्त निगरानी रखते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन नियमित सफाई के साथ-साथ रात्रिकालीन स्वीपिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि शहर के खाली भूखंडों की नियमित सफाई करवाई जाए ताकि गंदगी एवं मच्छरों के प्रकोप को रोका जा सके। सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही सड़कों पर लगे सभी विद्युत पोलों की लाइटें सुचारु रूप से कार्यरत रहें, इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए।
श्री गुप्ता ने सड़कों पर पशुओं के विचरण को रोकने के लिए आवश्यक एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। शहर के बगीचों को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखने के लिए घास की नियमित कटाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा बड़े बगीचों में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री महोदय भजनलाल शर्मा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के अंतर्गत स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री महोदय ने यह भी स्पष्ट आदेश दिए हैं कि स्वच्छ भारत मिशन में हमें उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने हैं और राजस्थान प्रदेश को देश के सभी राज्यों में अव्वल स्थान पर देखना है। हमें सभी लक्ष्य प्राप्त करते हुए परिणाम प्राप्त करने हैं जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता आम जनता के साथ प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। ब्रांड एंबेसेडर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी निकाय समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शहरों को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा इस कार्यशाला के सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही दिखाई देंगे। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ अंजलि राजोरिया, एसीईओ धनदान देथा, आयुक्त नगर परिषद जितेंद्र मीणा सहित नगरीय निकाय से अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
