समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य डॉ. दिव्यानी कटारा का औचक निरीक्षण

बालिका गृह एवं शिशु गृह में सेवाओं का लिया जायजा
उदयपुर, 29 मार्च। राजस्थान राज्य समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य डॉ. दिव्यानी कटारा ने राजकीय नारी निकेतन बालिका गृह एवं शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गृह में भोजनशाला, विभिन्न कक्षों के साथ शिशुओं व बालिकाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और बालिकाओं से विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को संबल प्रदान करते हुए कहा कि सरकार के स्तर पर आप को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने शिशु गृह के निरीक्षण के दौरान की जा रही बच्चों की देखभाल और उनको दी जा रही सेवाओं पर संतोष प्रकट किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा का पूरा-पूरा ध्यान रखा जाए और ऐसे प्रभावी प्रयास हो कि इन बच्चों को घर जैसा माहौल मिले। उन्होंने इनके लिए सभी को सेवा भावना से कार्य करने की अपील की।
डॉ. दिव्यानी ने नारी निकेतन अधीक्षक को बालिकाओं के मानसिक एवं शारीरिक विकास को लेकर समय समय पर जागरूकता एवं बालिकाओं को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की सलाह दी अैर बालिकाओं के सांस्कृतिक सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता उपनिदेशक मान्धाता सिंह, बालिका गृह की अधीक्षक प्रीति जैन, बाल कल्याण समिति की सदस्य शिल्पा मेहता आदि उपस्थित थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!