एफआईईओ और बीसीआई का संयुक्त प्रयास, उदयपुर के उद्यमियों को मिलेगा ग्लोबल बिजनेस विस्तार का मार्गदर्शन
उदयपुर। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (एफआईईओ) जयपुर चैप्टर और बीसीआई (बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल) के सहयोग से “लोकल टू ग्लोबल : हाउ उदयपुर सेलर्स कैन बिल्ड ई-कॉमर्स बिजनेस एंड एक्सपैंड इट ग्लोबली” विषय पर विशेष इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन शुक्रवार, 5 जून को किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक रेगेंटा सेंट्रल, हज़ारेश्वर कॉलोनी, कोर्ट सर्किल, उदयपुर में आयोजित होगा।
पंजीकरण दोपहर 3:40 बजे से प्रारंभ होगा तथा कार्यक्रम के पश्चात हाई-टी भी आयोजित की जाएगी।
एफआईईओ जयपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस सत्र का उद्देश्य उदयपुर के व्यापारियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई उद्यमियों एवं विक्रेताओं को ई-कॉमर्स के माध्यम से वैश्विक बाजार में व्यवसाय विस्तार के अवसरों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में क्रॉस बॉर्डर ई-कॉमर्स, क्या और कहाँ निर्यात करें, विदेशी खरीदारों की पसंद, एमएसएमई विक्रेताओं की वैश्विक स्तर पर आने वाली चुनौतियां, मार्केटिंग एवं उत्पाद प्रस्तुतीकरण की समस्याएं, आरबीआई की बिल एवं भुगतान संबंधी गाइडलाइन तथा कम लागत में अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे।
एफआईईओ जयपुर चैप्टर के भूपिंदर सिंह ने बताया कि यह सत्र विशेष रूप से ऐसे व्यापारियों, निर्माताओं और स्टार्टअप्स के लिए उपयोगी रहेगा जो अपने उत्पादों को देश की सीमाओं से बाहर वैश्विक बाजार तक पहुंचाना चाहते हैं।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच अब पहले की तुलना में अधिक सरल और किफायती हो गई है। उन्होंने कहा कि उदयपुर के उद्यमियों, युवाओं एवं एमएसएमई व्यवसायियों को इस अवसर का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ई-कॉमर्स निर्यात का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है और सही जानकारी व मार्गदर्शन के जरिए छोटे व्यापारी भी वैश्विक खरीदारों तक पहुंच बना सकते हैं।
विशेष शर्मा, सीनियर मैनेजर – क्रॉस बॉर्डर ट्रेड, आइडियाज टू इम्पैक्ट फाउंडेशन (वॉलमार्ट वृद्धि प्रोग्राम) ने बताया कि वॉलमार्ट वृद्धि कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे व्यवसायों और एमएसएमई को डिजिटल एवं वैश्विक व्यापार के लिए तैयार करना है। इस सत्र में प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं, उत्पाद प्रस्तुतीकरण और खरीदारों की अपेक्षाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
गीता चौहान, विनीत जैन एवं मयंक अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर जैसे उभरते व्यावसायिक शहर में ऐसे सत्र स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगे तथा उन्हें वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक प्रतिभागी अपना नाम, कंपनी का नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर एवं पदनाम bhupindersingh@fieo.org पर साझा कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।
