वन्देमातरम् @ 150 का विशेष चरण 23 से 30 मार्च तक

सामूहिक गायन से लेकर डिजिटल अभियान तक होंगे व्यापक आयोजन
एडीएम प्रशासन नोडल अधिकारी नियुक्त, बैठक ली
उदयपुर, 20 मार्च। राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के अंतर्गत 23 से 30 मार्च तक विशेष चरण का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए जिला कलक्टन नमित मेहता ने एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एडीएम प्रशासन श्री राठौड़ ने शुक्रवार को बैठक लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

एडीएम राठौड़ ने बताया कि विशेष चरण की शुरुआत 23 मार्च को शहीद भगतसिंह के बलिदान दिवस से होगी। इस दौरान जिले के सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, जिला मुख्यालय, नगरीय निकायों और तहसील स्तर तक प्रमुख स्थलों पर वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। इस चरण में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत एकल एवं सामूहिक कार्यक्रम, कोरियोग्राफ्ड प्रस्तुतियां, स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित नाट्य व म्यूजिकल थिएटर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रमों में नवाचार को बढ़ावा देते हुए इंटरैक्टिव गतिविधियां भी शामिल होंगी, जैसे वन्दे मातरम् थीम पर सेल्फी बूथ, डिजिटल एंगेजमेंट और वीएम फ्रेमस् फिल्म प्रतियोगिता, जिससे आमजन विशेषकर युवाओं की भागीदारी बढ़े। विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता सेनानियों को पत्र लेखन, देशभक्ति विषयों पर विचार अभिव्यक्ति जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। एलईडी स्क्रीन एवं डिजिटल माध्यमों से वन्दे मातरम् से जुड़े ऑडियो-वीडियो संदेश, शॉर्ट फिल्म और रचनात्मक प्रस्तुतियों का प्रसारण भी किया जाएगा।
जनभागीदारी को बढ़ाने के लिए आमजन को वन्देमातरम् @ 150 की आधिकारिक वेबसाइट पर सिंग-अलॉन्ग, सेल्फी अपलोड एवं लघु वीडियो साझा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि इस राष्ट्रव्यापी अभियान से अधिकाधिक लोग जुड़ सकें। एडीएम राठौड़ ने सभी संबंधित विभागों को दायित्व सौपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन पूर्ण गरिमा, उत्साह और समन्वय के साथ किए जाएं तथा प्रत्येक गतिविधि की जानकारी समय पर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा, एसीईओ विरमाराम, सीडीईओ प्रतिभा गुप्ता, उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा डॉ सतीश कुमार आचार्य, डीईओ माध्यमिक लोकेश भारती, डीईओ प्रारंभिक चंद्रशेखर जोशी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक अरूषि जैन, एनसीसी के लाइजनिंग ऑफिसर पीएस श्रीमाली, सीओ स्काउट सुरेंद्र पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!