उदयपुर, 20 मार्च। उदयपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वरड़ा में विश्व गौरेया दिवस पर गौरेया संरक्षण का संदेश दिया गया। वि़द्यालय के सृजनधर्मी अध्यापक हेमंत जोशी ने बताया कि सुक्रिया फाउण्डेशन की ओर से विद्यालय में 25 परिंडे व 25 घोंसले उपलब्ध कराए गये। इन परिंडो व घोंसलों पर विद्यालय के कक्षा 9 व 11 की विद्य़ार्थियों ने आकर्षक चित्रकारी करते हुए गौरेया संरक्षण का संदेश दिया। सुक्रिया फाउण्डेशन के निदेशक सुरेश पालीवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए गौरेया संरक्षण के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मोहनलाल सुथार ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर 10 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया है। कार्यक्रम में फाउण्डेशन की प्रतिनिधि कृष्णा पालीवाल, चिराग जोशी, सुनील कोठारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक देवाराम ने योगाभ्यास करवाया।
छात्राओं ने बनाएं 101 घोंसले
उदयपुर, 20 मार्च। राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय घासा मावली में विश्व गौरैया दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पक्षी विद विनय दवे के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने वेस्ट से नेस्ट बनाए। छात्राओं ने खाली जूते के गत्ते के डिब्बों से पक्षियों के घोंसले बनाए और उन्होंने संकल्प लिया कि वह इसे अपने घर पर उचित जगह लगाएंगे। इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विनय दवे ने गौरैया का इस पारिस्थितिक तंत्र में महत्व समझाया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमती ईरा सोनी, महेंद्र सिंह व विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
