-राजेश वर्मा
उदयपुर। अहमदाबाद में विमान हादसे के शिकार हुए उदयपुर के शुभ और बहन शगुन ने हाल ही में पिता के मार्बल व्यवसाय को प्रमोट करने के लिए शानदार वीडियो शूट कराए थे।
पारिवारिक और मार्बल व्यवसाय मित्रों के अनुसार अमेरिका से पढ़ाई कर कुछ समय पहले लौटे शुभ और गुजरात के गांधीनगर से बीबीए कर लौटी शगुन दोनों ने पिता संजीव मोदी के साथ मिलकर पारिवारिक व्यवसाय संभालना शुरू किया था। संजीव मोदी का मल्टी मार्बल के नाम से यहां सुखेर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा मार्बल कारोबार है और उनका मार्बल बाहर एक्सपोर्ट होता है। इस व्यवसाय को प्रमोट करने के लिए शुभ और शगुन दोनों भाई-बहनो ने हाल ही सुखेर स्थित मार्बल फैक्ट्री का शानदार वीडियो शूट कराए थे। इन वीडियो में वे खुद फैक्ट्री के मार्बल उत्पाद की विशेषता बताते हुए उनकी मार्केटिंग करते हुए दिखाई देते हैं। उन्होंने ये सोशल मीडिया पर डिजिटल मार्केटिंग के लिए ये वीडियो शूट कराए थे जो विमान हादसे के बाद उदयपुर के मार्बल उद्योग क्षेत्र में खासे चर्चा में होकर देखे जा रहे हैं। शुभ और शगुन की स्कूली शिक्षा शहर के डीपीएस स्कूल से पूर्ण हुई थी। वे अहमदाबाद से विमान में सवार होकर लंदन घूमने जा रहे थे।
दादा ने दुबई से किया मार्बल व्यवसाय
शुभ और शगुन के दादा ने भी दुबई में अपना मार्बल कारोबार फैला रखा था। बताया गया पांच-छह साल पहले ही वे दुबई में अपना मार्बल व्यवसाय समेट कर भारत लौटे और गुजरात के अहमदाबाद शहर में सेटल हुए। दादा का करीब चार साल पहले निधन हो गया। लंदन जाने के लिए वे उदयपुर से निकलने के बाद 11 जून शाम को अहमदाबाद में अपनी दादी के पास ही रुके थे। मोदी परिवार मूलत: जोधपुर से हैं और व्यवसाय कारोबार के लिए जोधपुर छोड़ा था।
शुभ-शगुन ने पिता के मार्बल व्यवसाय को प्रमोट करने शूट किए थे वीडियो
