विप्र फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा स्वागत
खेरवाड़ा, कस्बे के त्रिमेस भवन में बुधवार रात 8 बजे विप्र अध्यक्ष हितेश जोशी की अध्यक्षता में विप्र फाउंडेशन कीबैठक का आयोजन किया गया। बैठक में श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर खेरवाड़ा आने वाली भव्य रथयात्रा की तैयारियों व आगामी परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
अध्यक्ष जोशी ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर मेहंदीपुर बालाजी पीठाधीश्वर नरेशपुरी महाराज के सानिध्य में व आचार्य राजेश्वर जी के नेतृत्व में जन जागरण को लेकर भव्य रथयात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 4 मार्च 2025 को गुजरात के भेट द्वारका से निकलकर राजकोट, लिंबडी, अहमदाबाद, गांधीनगर, हिम्मतनगर, शामलाजी होते हुए 8 मार्च को सुबह लगभग 10 बजे खेरवाड़ा पहुंचेगी। जहां कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में विप्र फाउंडेशन के बैनर तले सर्व सनातन हिन्दू समाजजनो द्वारा भव्य रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रथयात्रा ऋषभदेव होते हुए उदयपुर की ओर रवाना होगी।
अध्यक्ष ने बताया कि यह रथ यात्रा राजस्थान, हरियाणा राज्य से होकर 23 मार्च 2025 को यूपी के वृंदावन, मथुरा पहुंचकर यात्रा का समापन किया जाएगा। 23 मार्च को मथुरा में कवि डॉ कैलाश परवाल द्वारा रचित श्री कृष्णम महाकाव्य का लोकार्पण किया जाएगा। विप्र संगठन ने रथयात्रा के स्वागत को लेकर 8 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में सर्व हिन्दू समाजजनो को आने का आह्वान किया है। बैठक में पूर्व अध्यक्ष हरीश पानेरी, रणछोड़ लाल व्यास, मनीष चौबीसा, अनिल व्यास, सुशील मेहता आदि विप्रजन मौजूद थे।
