सेक्टर अधिकारी नियुक्त, प्रशिक्षण 11 को

उदयपुर, 4 अगस्त। आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफल रूप से क्रियान्विति कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने एक आदेश जारी कर 285 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए हैं। इन सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण 11 अगस्त 2023 को सुबह 11 बजे नगर निगम के मोहनलाल सुखाड़िया रंगमंच परिसर में आयोजित होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पोसवाल ने बताया कि सभी सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण में भाग लेना अनिवार्य है। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

अनुजा निगम इस वर्ष भी देगा इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में ऋण
उदयपुर, 4 अगस्त। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत् राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास निगम (अनुजा निगम) इस वर्ष भी इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के आवेदकों को इस वर्ष ऋण वितरित करेगा। अनुजा निगम के परियोजला प्रबंधक गिरीश भटनागर ने बताया कि गत वर्ष 243 आवेदको को इस योजना के तहत् लगभग 37 लाख रुपये का ऋण प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इस वर्ष भी अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिये बजट प्राप्त हो गया है। इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत् इन दोनो वर्गा के आवेदक जिन्हें बैंक द्वारा अब तक ऋण स्वीकृत नही किया है अपने आवेदन पत्र की प्रति, बैंक खाते की डायरी की प्रति, 18 चैक एवं जनाधार-आधार कार्ड की प्रति लेकर जिला परिषद् भवन के द्वितीय तल पर कमरा नं.103 में संचालित अनुजा निगम कार्यालय संपर्क कर ऋण प्राप्त कर सकते है।

अंगदान जीवनदान का बताया महत्व
उदयपुर, 4 अगस्त। अंगदान जीवनदान पखवाड़े के तहत जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर एच बामनिया ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को जागरूक कर अंगदान करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। शुक्रवार को ब्लॉक गिर्वा में सभी चिकित्सा संस्थानों पर चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर, एलएचवी, एएनएम, सीएचओ, आशाओं द्वारा विद्यालयों में जाकर अंगदान के महत्व बताया और  साथ ही स्तनपान सप्ताह के तहत गतिविधियां कर उन्हें प्रेरित किया गया।

एनसीपीसीआर सदस्य 7 को उदयपुर होकर चित्तौड़ जाएंगीं
उदयपुर, 4 अगस्त। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की सदस्य प्रीति भारद्वाज दलाल सोमवार 7 अगस्त की दोपहर 2ः45 बजे वायुयान से उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगी तथा यहां से सड़क मार्ग से चित्तौड़गढ़ के लिए प्रस्थान करेगी। वे 9 को शाम 5 बजे पुनः उदयपुर आएंगी और रात्रि विश्राम उदयपुर में करेंगी तथा 10 अगस्त की अपराहन 3ः20 बजे वायुयान से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगी।

पवन गोदारा आज उदयपुर में
उदयपुर, 4 अगस्त। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष पवन गोदारा शनिवार 5 अगस्त की सुबह 10 बजे उदयपुर में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे तथा यहां स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद बांसवाड़ा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। वे 7 अगस्त को दोपहर 1 बजे पुनः उदयपुर आएंगे तथा यहां स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद बांसवाड़ा प्रस्थान कर जाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!