करणी सेना प्रदेशाध्यक्ष पर फायरिंग का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

आरोपी दिग्विजय की होटल का ही कर्मचारी है, घटना के बाद हो गया था फरार
उदयपुर। इस सप्ताह उदयपुर में श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह सलाड़िया पर फायरिंग करने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सुनील सोनी फायरिंग करने वाले दिग्विजय सिंह का सहयोगी था और उसी की होटल में काम करता था। अदालत के निर्देश पर उसे जेल भेज दिया गया। शुक्रवार को अदालत के निर्देश पर मुख्य आरोपी दिग्विजय सिंह तथा उसके सहयोगी सुनील सोनी, दोनों को जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार समाज के कार्यक्रम में राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सलाड़िया पर फायरिंग का मुख्य आरोपी करणी सेना का पूर्व जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह था। जो गले मिलने के बहाने सलाड़िया के पास पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी। शुक्रवार को पकड़ा गया आरोपी सुनील सोनी मुख्य आरोपी के अंबेरी स्थित होटल का कर्मचारी निकला। 13 अगस्त घटना के दिन दोनों बीएन यूनिवर्सिटी में करणी सेना के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में साथ गए थे।
पहले से थी हमले की साजिश
आरोपियों ने हमले की साजिश पहले ही कर ली थी। दोनों एक बाइक से कार्यक्रम में पहुंचे थे। पहले से यह तय था कि दिग्विजय फायरिंग करके वहां से भागेगा और सुनील यूनिवर्सिटी गेट पर बाइक स्टार्ट रखेगा। ताकि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भागने में सफल हो सकें। हालांकि फायरिंग करने के बाद दिग्विजय को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद सुनील मौके से फरार हो गया था। घटना का मुख्य आरोपी दिग्विजय सिंह चार दिन से पुलिस रिमांड पर था और पुलिस ने उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया था।
गौरतलब है कि अप्रैल में करणी सेना के उदयपुर जिला अध्यक्ष पद से हटाने पर दिग्विजय सिंह नाराज था। दिग्विजय के खिलाफ मारपीट और शराब की तस्करी जैसे 7 मामले दर्ज हैं। करणी सेना के उच्च पदाधिकारियों ने उसे असामाजिक गतिविधियों में लिप्तता के कारण उसे जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
चाय-नाश्ता के लिए बाहर आए, तभी कर दी फायरिंग
13 अगस्त 23 को दोपहर 1 बजे राजपूत करणी सेना का बीएन यूनिवर्सिटी के कुम्भा सभागार में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के बाद सभी पदाधिकारी और सदस्य चाय-नाश्ता के लिए बाहर आए। तभी दिग्विजय सिंह ने करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह सलाड़िया पर फायरिंग कर दी थी। इधर, प्रदेशाध्यक्ष सलाड़िया शहर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!