उदयपुर 3 फरवरी| जिले के राजकीय विद्यालयों में आयुष्मान भारत योजना के तहत संचालित स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर सत्र आयोजित किए गए जिसमें विद्यार्थियों को सोशल मीडिया सही व भ्रामक सूचनाओं में भेद से परिचय कराया गया।
डाइट प्रिंसिपल शीला काहाल्या के अनुसार आरएससीईआरटी उदयपुर के निर्देशन में डाइट उदयपुर के विद्यालयों में स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है जिसके तहत आज विद्यालयों में साप्ताहिक कैलेंडर अनुसार फरवरी माह के प्रथम सप्ताह की प्रदत्त थीम पर एक्टिविटी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के जिला उप समन्वयक त्रिभुवन चौबीसा के अनुसार विद्यालयों में आयोजित सत्रों के माध्यम से बताया गया कि रेडियो, टीवी, समाचार पत्र आदि पारंपरिक जनसंचार माध्यम आमतौर पर एकतरफा, विश्वसनीय और प्रमाणित होते हैं, जबकि इंटरनेट और सोशल मीडिया बहु-दिशात्मक (इंटरैक्टिव) हैं, जो त्वरित संवाद तो देते हैं पर फर्जी खबरें (फेक न्यूज) फैलने का बड़ा खतरा भी रखते हैं।
इस अवसर पर फलीचड़ा में हैल्थ एम्बेसडर नेहा पारीक ने, बडगांव में प्रभा शर्मा, भागला घाट गिर्वा में दीपराज सिंह राणावत ने,दांतीसर कुराबड़ में ज्योति सोलंकी ने ,लसाड़िया में मोहित रैगर ने इंटरनेट एवं जनसंचार माध्यमों में सही एवं भ्रामक सूचनाओं में अंतर से अवगत कराया।
इसके साथ ही जिले के गिर्वा, झाड़ोल,सायरा, गोगुंदा,मावली,वल्लभनगर,ऋषभदेव, आदि ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में मंगलवार को लघु नाटिका, वार्ताओं,स्मार्ट बोर्ड और टीवी के माध्यम से जानकारी सांझा की गई तथा शक्ति दिवस मनाया जाकर आयरन फोलिक एसिड टैबलेट्स का वितरण किया गया है।
इस बीच डाइट उदयपुर द्वारा कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए उदयपुर एवं सलूंबर जिले के समस्त ब्लॉक के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए है जो फरवरी माह में शाला संबलन के दौरान विभिन्न विद्यालयों में विजिट कर इस कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक संबलन करेंगे।
