-जलाशयों पर शहरवासियों ने लिया रविवारीय अवकाश का आनंद
उदयपुर। शहर व आसपास क्षेत्र में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छितराए रहे। रूक रूक कर उमड़ी काली घटाओं ने धूप के साथ फुहारें गिरा मौसम को सुहाना बना दिया। शहरवासियों ने आसपास रमणीय स्थल व जलाशयों पर रविवारीय अवकाश का पिकनिक मनाते हुए आनंद लिया।
शहर व आसपास क्षेत्र में रविवार को सुबह हल्की धूप निकलने के बाद आसमान में छितराए बादल उमड़ आए। धूप-छांव के क्रम के बीच दिन में तीन-चार बार बादलों से हवा संग फुहारें गिरी जो दो-तीन मिनट तक लोगों को हल्का सा भीगो कर चली गई। वातावरण में उमस भरा माहौल रहा। रविवार का अवकाश होने पर शहरवासियों ने आसपास नांदेश्वरजी, थूर की पाल, बड़बडेश्वर महादेव, कठार नदी किनारे, बड़वासन माताजी, अमरखजी, बाघेरी का नाका, टीडी डेम, चांदनी आदि स्थानों पर परिवार सहित पहुंच बहते पानी में भरपूर पिकनिक का आनंद लिया। धूप-छांव में लोग पानी में भीगते और सूखते रहे। पिकनिक स्थल पर लोगों ने स्वादिष्ट व्यजनों का आनंद लिया। इन स्थलों पर मक्की के भुट्टों की भी जमकर बिक्री हुई। लोगों ने पानी के बीच बैठकर भुट्टे व पकौड़ियों का मजा लिया।
मौसम विभाग डबोक के अनुसार रविवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24घंटों के दौरान 1.00 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार जिले में बीते 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 30 मिमी बारिश कोटड़ा में दर्ज की गई। इसके अलावा बावलवाड़ा में 12 मिमी, देवास में 14, गोगुंदा में 8, झाड़ोल में 18, ओगणा में 17, स्वरुपसागर पर 4 मिमी, सेई डेम 16, उदयपुर शहर 5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इस मानसून में अब तक सर्वाधिक 809 मिमी बारिश गोगुंदा में और सेई डेम पर 676 मिमी व ओगणा में 697 मिमी बारिश हो चुकी है। मदार नहर से पानी की आवक के चलते फतहसागर के चार गेट 6इंच खोल रखे हैं। आयड़ नदी में पानी का बहाव निरंतर बना हुआ है। जिल में सोम कागदर, उदयसागर, वल्लभनगर, साबरमती, स्वरुपसागर, फतहसागर, जोगीवड़, केजड़ बांध लबालब होकर ओवरफ्लो हो रहे हैं।
छितराए बदलों से धूप संग बिखरी फुहारें, सुहाना रहा मौसम
