वरड़ा और धार उमावि में हुई शनिवारिय सभा

भारतीय टेनिस बाॅल क्रिकेट खिलाड़ी कुलदीपसिंह राव ने विद्यार्थियों को दिए टिप्स
उदयपुर, 10 अगस्त। स्कूली विद्यार्थियों को शैक्षिक के साथ-साथ सह शैक्षिक गतिविधियों की और उन्मुख करने के उद्देश्य से जिले के दो सरकारी विद्यालयों में शनिवारिय सभा का आयोजन किया गया। स्कूल प्रशासन और कश्ती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वरड़ा और धार गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस शनिवारिय सभा का विद्यार्थियों ने जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान भारतीय टेनिस बाॅल क्रिकेट खिलाड़ी कुलदीपसिंह राव और अतिथि कलाकारों के साथ विद्यार्थियों ने अपने कला कौशल और अभिरुचि पर संवाद किया।
बतौर अतिथि अन्तर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता क्रिकेटर कुलदीपसिंह राव विद्यार्थियों से रूबरू हुए और उन्होंने क्रिकेट की बारीकियों के साथ अपने क्रिकेट कॅरियर के उतार-चढ़ावों, अन्तर्राष्ट्रीय पदक जीतने और इसके मुकाम पर पहुंचने के लिए किए गए अभ्यास के बारे में विद्यार्थियों को खुलकर बताया तो विद्यार्थी बड़े उत्साहित हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी राव से खुलकर संवाद किया और अपनी शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान क्रिकेटर राव ने मैदान में भी विद्यार्थियों के साथ क्रिकेट खेला और क्रिकेट की बारीकियों के बारे में बताया।
कश्ती फाउंडेशन प्रमुख श्रद्धा मुर्डिया ने बताया कि इस मौके पर आईआईटियन आशिमा गोयल ने वेस्ट से बेस्ट, कचरा प्रबंधन और जैविक खेती, सोशल मीडिया एक्सपर्ट संदीप राठौड़ ने स्क्रीन टाइम कम करने आदि विषयों पर विद्याथियों से संवाद किया। इस मौके पर प्रस्तर शिल्पकार व सृजनधर्मी शिक्षक हेमंत जोशी शिल्पकला व चित्रकला की बारीकियों से रूबरू करवाया। विद्यालय प्रधानाचार्य डाॅ. सत्यनारायण सुथार और डॉ. मनोहर लाल सुथार ने अतिथियों को विद्यालयी गतिविधियों की जानकारी दी। वरड़ा में उप प्रधानाचार्य इंद्रा शर्मा और धार में रेखा जोन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों के बारे में जानकारी दी।

हर घर तिरंगा अभियान में फतहसागर पाल पर आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
उदयपुर, 10 अगस्त। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष में कला संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 से 14 अगस्त तक प्रस्तावित हर घर तिरंगा- 2024 अभियान के दौरान फतहसागर पाल पर रविवार पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर की ओर से देशभक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु केन्द्र द्वारा फतहसागर पाल पर शाम 6 बजे देश भक्ति संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इसमें गाजी खां मांगणियार एवं दल, लाखा वारसिंह कच्छी भजन तथा म्यूजिक मेकर्स ग्रुप द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे।कार्यक्रमों की श्रृंखला में 13 अगस्त की सुबह फतहसागर से विद्या भवन उच्च माध्यमिक विद्यालय तक भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी।इसी तरह 14 एवं 15 अगस्त को बागोर की हवेली एवं शिल्पग्राम मुख्य द्वार को तिरंगामय लाइटों से सजाया जाएगा। साथ ही अजमेर, डूंगरपुर, राजसमंद में तिरंगा रैली, क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 14 एवं 15 अगस्त को सूचना केन्द्र में देश की आजादी हेतु शहीद देशभक्तों के ऊपर बनाए गए पेंटिंग की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!