शिवडिया नहर द्वितीय चरण सहित दो प्रोजेक्ट के लिए 6 करोड़ रूपए स्वीकृत

आदिवासी अंचल कोटड़ा में होगा सिंचाई सुविधाओं का विस्तार
उदयपुर, 14 जुलाई। जनजाति बहुल कोटड़ा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के निर्देश और जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया की पहल पर कालीबोर डेम की मुख्य फीडर से निकाली जा रही शिवडिया नहर के द्वितीय चरण सहित दो सिंचाई परियोजनाओं के लिए करीब 6 करोड़ रूप की स्वीकृति जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री श्री गहलोत के गत दिनों कोटड़ा प्रवास के दौरान बेकडिया ग्राम पंचायत की सरपंच अनीता देवी गरासिया ने शिवडिया नहर प्रोजेक्ट के द्वितीय चरण के लिए स्वीकृति की गुहार की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जलसंसाधन मंत्री श्री मालवीया ने इसे प्राथमिकता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। अधिकारियों ने शिवडिया नहर प्रोजेक्ट द्वितीय चरण के लिए तखमीना बनाकर प्रस्तुत किया। त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए शिवडिया नहर प्रोजेक्ट के द्वितीय चरण के लिए 495.68 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। इसी प्रकार शिवडिया से ग्राम पंचायत भुतवाड़ की गांव दोतराफला तक नहर निर्माण के लिए भी 99.88 लाख रूपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। जलसंसाधन मंत्री   मालवीया ने बताया कि राज्य सरकार जनजाति अंचल में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कृत संकल्पित है। दोनों प्रोजेक्ट से कोटड़ा क्षेत्र के सैकड़ों काश्तकारों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इधर, इस स्वीकृति की जानकारी मिलने पर कोटड़ा क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री श्री गहलोत व जल संसाधन मंत्री मालवीया का आभार व्यक्त किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!