दो चरणों में निकलेंगे ताजिए, अंबावगढ़ दरगाह पर रोजा इफ्तार का आयोजन

उदयपुर, 16 जुलाई। नवासा ए रसूल हजरत इमाम हुसैन और उनके साथ कर्बला में शहीद हुए जानिसारों की शहादत की याद में बुधवार को दो चरणों में ताजियों का जुलूस अकीदत और मोहब्बत के साथ निकाला जाएगा।
बड़ा ताजिया (पल्टन) कमेटी के शाहनवाज खान ने बताया कि मोहर्रम माह की 10वीं तारीख यौमे आशुरा को मुस्लिम समाज द्वारा उदयपुर शहर के हरवेंजी का खुर्रा से सुबह 10 बजे छोटे ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा जो मोती चौहट्टा, घंटाघर, गणेश घाटी होते हुए घड़िया देवरा पांडुवाड़ी पर सम्पन्न होगा। वहीं दूसरे चरण में बड़े ताजियों का जुलूस शाम 4 बजे तीज का चौक से शुरू होकर चौखला बाजार, भडभुजा घाटी, बड़ा बाजार, घंटाघर, जगदीश चौक होते हुए लालघाट पर सम्पन्न होगा।
वहीं दूसरी ओर मंगलवार शाम को धोली बावड़ी स्थित हुसैनी चौक में अल नवाज कमेटी के जफर हुसैन की ओर से यौमे आशूरा के मौके पर रखे जाने वाले पहले रोजे का इफ्तार प्रोग्राम आयोजित किया गया जिसमें रोजेदारों ने अपना रोजा इफ्तार कर दुआएं की व रात्रि को मुस्लिम बाहुल्य क्षैत्रों में ताजिया को जियारत के लिए रखा गया जहां पर अकीदतमंदों ने मन्नतें उतारी एवं ताजियों पर मेवा, फ्रूट, मिठाई, मुंगफली, नारियल, चांदी से बने सेहरे एवं फूल, अगरबत्ती चढ़ाई।
धोली बावड़ी, अलीपुरा एवं पल्टन ताजिया पर जायरीनों की भारी भीड़ देखी गई। शहर की मस्जिदों में भी महफिले मिलाद और विशेष इबादत के बाद मुल्क में अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी गई।
इस अवसर पर ताजिया की जियारत वाले मार्गों पर सबीले सजाई गई जहां पर खीर, हलवा, पुलाव, ठंडा पानी एवं विभिन्न प्रकार के शीतल पेय तबर्रुक के रुप में बांटा गया। साथ ही मुस्लिम मोहल्लों में आम न्याज के आयोजन हुए जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने तबर्रुक का लुत्फ उठाया।
 – यौमे आशूरा के मौके पर 10वां रोजा इफ्तार प्रोग्राम आज – 
उदयपुर। इल्मी व बरेलवी सुन्नी मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के मोहसिन हैदर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर के अंबावगढ़ पहाड़ी स्थित हजरत गंज शहिदा सरकार अंबावगढ़ वाले बाबा की दरगाह परिसर में यौमे आशूरा के मौके पर 10वां रोजा इफ्तार का प्रोग्राम रखा गया है जिसमें शहर भर के रोजेदार अपना रोजा इफ्तार करेंगे। इफ्तार का वक्त शाम को 7:30 बजे होगा। इस अवसर पर कमेटी के अब्दुल हुसैन खान, शेख जाकिर हुसैन, वाहिद शेख, मोहसिन हुसैन अजहरी, नईम अहमद, आरिफ खान, आबिद हुसैन, अमजद रजा, हबीब नबी खान, फिरोज खान, अनवर मंसूरी, समीर भाई, इलियास खान सहित अन्य कमेटी के मेंबर मौजूद रहेंगे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!