नगर निगम के सामने सड़क हादसा, स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसे ट्रेलर चालक की मौत, खलासी घायल

उदयपुर, 7 जुलाई । यहां नगर निगम के सामने शुक्रवार अलसुबह एक हादसे में ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि खलासी बुरी तरह घायल हो गया। जिसे सरकारी महाराणा भूपाल हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना अलसुबह करीब 4:30 बजे की है। ट्रेलर में लोहे के भारी वजनी पाइप रखे थे। एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ये हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने स्पीड ब्रेकर पर जैसे ही ब्रेक लगाए तो ट्रेलर में रखे भारी वजनी पाइप खिसककर चालक के पीछे ​खिड़की को तोड़ते हुए उसकी सीट तक घुस गए। जिससे चालक स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया।
सूचना पर सूरजपोल थाना​ पुलिस मौके पर पहुंची। दो क्रेन की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक चालक दम तोड़ चुका था। वहीं, खलासी घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस चालक और खलासी की पहचान कर रही है।
निगम के सामने रोड पर कट और ब्रेकर बना हादसे का कारण निगम के सामने रोड पर आने-जाने के लिए बना कट और इसी जगह बना ब्रेकर इस हादसे का बड़ा कारण माना जा रहा है। जानकारी अनुसार निगम और जिला प्रशासन इस रोड पर कट को खोलने और बंद करने का प्रयोग कई बार कर चुके हैं।
इसके बावजूद यहां हादसे नहीं रुक रहे। साथ ही यहां जो स्पीड ब्रेकर बना है उस पर सफेद रंग की जेब्रा लाइन तक स्पष्ट नहीं दिखती। ऐसे में रोड पर चल रहे चालक को अंधेरे में स्पीड ब्रेकर के होने का अंदाजा नहीं लग पाता।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!