शिक्षा मंत्री डॉ बी.ड़ी. कल्ला ने की सराहना
उदयपुर। कार्यालय संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) उदयपुर संभाग के पूर्व उप जिला शिक्षा अधिकारी विजय सारस्वत जो अभी हाल ही 31 जुलाई को झाड़ोल ब्लॉक के राउमावि गोराणा से प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अपनी सेवानिवृति से प्राप्त धनराशि का कुछ हिस्सा जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा/चिकित्सा/रोजगार/विवाह आदि कार्यों पर खर्च करने का मानस बनाया। और राबाउमावि रेजीडेंसी स्कूल के सभागार में माननीय शिक्षा मंत्री डॉ बी.ड़ी. कल्ला के मुख्य आतिथ्य में 11 बेटियों को शिक्षा मंत्री डॉ बी.ड़ी. कल्ला व उनकी धर्मपत्नी शिवकुमारी के हाथों उपरना ओढ़ाकर सम्मानित कर आर्थिक सहयोग ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये के डिमांड ड्राफ्ट सुपुर्द किये।
मुख्य अतिथि पद से अपने उद्धबोधन में डॉ कल्ला ने कहा कि पहली बार किसी सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी ने इस प्रकार की अनूठी पहल की है और यह पहल कायम रहनी चाहिए। उन्होंने विजय सारस्वत व उनकी अर्धांगिनी दिव्या सारस्वस्त की सराहना करते हुए कहा कि जब तक समाज में ऐसी पुनीत विचारधारा रखने वाले व्यक्ति मौजूद हैं तब तक हमारी बेटियों के सपने मरने नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि दो कुलों का हित करने वाली बेटियां जिस समाज में आदर व सम्मान पाती है उस समाज के नैतिक मूल्य व संस्कार बहुत उच्च कोटि के हो जाते हैं।
आरएससीईआरटी की निदेशक कविता पाठक की अध्यक्षता में आयोजित बेटियों को सहयोग एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ डॉ बी.ड़ी. कल्ला ,विशिष्ट अतिथि इस समारोह की प्रेरक शिवकुमारी, समाज सेवी एवं उद्योगपति भीमसिंह चूंडावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार डॉ गिरिजा व्यास, जिला प्रमुख ममता कुंवर पंवार, तथा आरएससीईआरटी के पूर्व निदेशक डॉ दिनेश कोठारी, अतिरिक्त निदेशक शिवजी गौड़, पूर्व संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) भरत मेहता, एंजिलिका पलात, युगल बिहारी दाधीच, संयुक्त निदेशक पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा, पूर्व उप निदेशक अशोक सिंधी, मधुसूदन व्यास, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी आशा माण्डावत, एडीपीसी वीरेन्द्र यादव, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी परमेश्वर लाल श्रीमाली सहित अनेक शिक्षा अधिकारी व विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों में राजस्थान शिक्षा अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, जिलाध्यक्ष भगवत सिंह राणावत, सचिव रवि शाह, सुमेन्द्र सिंह सारंगदेवोत, एकीकृत के राव गोपाल सिंह आसोलिया, पुष्पराज सिंह शक्तावत, यशवंत पांडे , सारस्वत समाज के अध्यक्ष महर्षि सारस्वत, उपाध्यक्ष योगेश सारस्वत, हेमन्त सारस्वत, राष्ट्रीय महिला जागृति मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरभि धींग मेनारिया, दिव्या सारस्वत, सेक्टर 8 विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सनाढ्य, सचिव चंद्रदेखर भारती आदि अनेक गणमान्यजन, अभिभावक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
लगभग 500 से अधिक व्यक्तियों की उपस्थिति में मां सरस्वती के दीप प्रज्ज्वलन व प्राध्यापक शबनम चतुर्वेदी व संगीतकार नरेन्द्र वर्मा की सरस्वती वंदना के साथ ही रस परिवर्तन हेतु अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजातशत्रु, “वाह भाई वाह” प्लेटफॉर्म पर काव्य पाठ कर चुके सिद्धेश्वर सिद्धू, मनोज गुर्जर, सिद्धार्थ देवल तथा श्रृंगार की कवयित्री दीपिका माही ने काव्य पाठ कर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। डॉ माधवी त्रिपाठी ने संचालन तथा विजय सारस्वत ने धन्यवाद की रस्म अदा की।
बेटियों के सम्मान में सेवानिवृत प्राचार्य सारस्वत ने की अनूठी पहल
