धर्म से मिलती है जीवन में प्रसन्नता, मान-सम्मान व शान्ति : आचार्य विजयराज

उदयपुर, 28 जुलाई। केशवनगर स्थित अरिहंत वाटिका में आत्मोदय चातुर्मास में रविवार को धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए युगपुरूष आचार्य श्री विजयराज जी म.सा. ने कहा कि जीवन में सुख, शान्ति, सुकून व प्रसन्नता चाहने वालों को बुद्धि का उपयोग बाजार में, प्रेम का उपयोग परिवार में, श्रद्धा का उपयोग धर्म स्थानों में एवं विवेक का उपयोग जीवन के हर व्यवहार में सर्वत्र करना चाहिए। बुद्धि का उपयोग सही समय पर सही जगह किया जाए तो व्यापार में सफलता निश्चित मिलती है। अपने परिवार से निःस्वार्थ प्रेम करें, इससे परिवार एकजुट, संगठित एवं खुशहाल होता है। धर्म स्थानों में, धर्म साधना में व धर्म गुरूओं के प्रति श्रद्धा रखने से सब कुछ पाया जा सकता है। धर्म हमें अच्छा स्वास्थ्य, प्रसन्नता, परिवार में सम्प, समाज में इज्जत, जीवन में शान्ति, समाधि व सद्गति दिलाता है। धर्म की समझ सम्यक् ज्ञान से बढ़ती है। सम्यक् ज्ञान की प्राप्ति के लिए पात्रता जरूरी है। जैसे सिंहनी का दूध स्वर्ण पात्र में ही ठहरता है वैसे ही सम्यक् ज्ञान सरल हृदय एवं निःशल्य हृदय में ही ठहरता है। उपाध्याय श्री जितेश मुनि जी म.सा. ने कहा कि मनुष्य को पापभीरू होना चाहिए। पाप करने से पहले उसके हेतु व परिणाम का चिंतन करना चाहिए। हेतु व परिणाम दोनों गलत दृष्टिगत हो तो पाप करने से बचना चाहिए क्योंकि पाप करना सरल है पर कर्मसत्ता द्वारा दी गई सजा को भुगतना कठिन है। धर्मसभा को श्रद्धेय श्री रत्नेश मुनि जी म.सा. एवं महासती श्री विजयलक्ष्मी जी म.सा. ने भी सम्बोधित किया। संघ मंत्री पुष्पेन्द्र बड़ाला ने बताया कि महासती श्री स्नेहलता जी म.सा. के अर्द्ध मासखमण के पुर पर साध्वी कुमुदश्री एवं बालक ऋषभ गुंदेचा ने अनुमोदना गीत प्रस्तुत किया। प्रभावना डॉ. हेमेन्द्र वर्डिया व श्यामसुंदर मारू की ओर से वितरित की गई। मीडिया प्रभारी डॉ. हंसा हिंगड़ ने बताया कि नवकार भवन में प्रातःकालीन आयोजित आचार्यश्री की अरिहंत बोधि क्लास में श्रावक-श्राविकाएं अच्छी संख्या में उपस्थित हो रहे हैं। बाहर के दर्शनार्थियों के आवागमन का क्रम निरन्तर बना हुआ है। रविवार को बिजयनगर एवं कानोड़ श्रीसंघ ने उपस्थिति दर्ज की। कानोड़ से वर्धमान ग्रामीण सेवा संस्थान के सभी बालक व संस्कार शाला के बालक भी उपस्थित हुए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!