चित्तौडगढ़। । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ सांससद सीपी जोशी ने जयपुर-उदयपुर सिटी के बीच संचालित सुपरफास्ट रेलसेवा को स्पेशल ट्रेन से नियमित ट्रेन के रूप में शुरू करने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। सांसद जोशी ने कहा कि रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 09721/09722 जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल रेलसेवा को अब गाड़ी संख्या 20993/20994 के रूप में प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस नियमित रेलसेवा के तौर पर संचालित करना यात्रियों के लिए बड़ी राहत का विषय है। यह निर्णय 15 अप्रैल 2026 से लागू किया गया है, जिससे अब यात्रियों को पहले की तुलना में कम किराया देना होगा। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि पहले यह ट्रेन स्पेशल श्रेणी में संचालित होने के कारण यात्रियों को सामान्य ट्रेनों की तुलना में अधिक किराया चुकाना पड़ता था, लेकिन अब नियमित ट्रैन के तौर पर चलाये जाने से कम किराया देना पड़ेगा।
सांसद जोशी ने कहा कि इस रेलसेवा के नियमित होने से जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कपासन, मावली सहित पूरे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, मावली और राणाप्रतापनगर स्टेशनों पर ठहराव करते हुए क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार यात्री सुविधाओं का विस्तार कर रही है। नई रेलसेवाओं का संचालन, ट्रेनों का नियमितीकरण तथा किराये में राहत जैसे निर्णय आमजन के हित में हैं। इससे प्रदेश के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जयपुर-उदयपुर सुपरफास्ट ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत, किराये में कमी का स्वागत – सांसद सी.पी. जोशी
