राजसमंद की सुरक्षा सखियां हुई और सशक्त

187 सखियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
राजसमंद 16 फरवरी। सुरक्षा सखियों को और अधिक सशक्त और मजबूत बनाने के लिए जिले में सराहनीय प्रयास हुआ है। लिंग आधारित हिंसा के विरूद्ध राष्ट्रीय अभियान के तहत राजीविका की 187 सुरक्षा सखियों ने आत्मरक्षा के गुर सीखे हैं।
जिला कलक्टर डॉ. भंवर लाल व जिला पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर जोशी के निर्देशन एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राहुल जैन के नेतृत्व मेंं दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत राजीविका द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों की सुरक्षा सखियों का ’लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित किया गया। इसमें मास्टर ट्रैनर महिला कानिस्टेबल पुष्पा, सरिता एवं सुजित ने महिलाओ को आत्मरक्षा के गुर सिखाए।
प्रशिक्षण समाप्ति के अवसर पर राजीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. सुमन अजमेरा ने संबोधित करते हुए महिला हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने एवं आसपास हो रही हिंसा के खिलाफ महिलाओं को मजबूत करने हेतु अपील की। उन्होंने बताया कि यदि महिलाएं अत्याचार को सहती रहेगी तो अत्याचार बढ़ता है। जब तक हम इसके विरूद्ध खड़े नहीं होंगे तब तक इस पर अंकुश नहीं लग पाएगा इसलिए हमको हिंसा के प्रति स्वयं को जागरूक रहने के साथ-साथ आसपास की महिलाओं और किशोरियों को भी जागरूक करना चाहिए साथ ही आज सिखाए गए आत्मरक्षा के दाँव-पेच को अन्य महिलाओं को भी सिखाएं ताकि कठिन परिस्थतियों में महिला स्वयं की रक्षा कर सके।
इसके पश्चात् महिलाओं को जेण्डर आधारित भेदभाव नहीं करने, अपने समुदाय व संगठन को इसके प्रति जागरूक करने, अपनी सम्पत्ति, सम्मान और स्वाभिमान के अधिकार के लिए सदैव सजग रहने की प्रतिज्ञा दिलवाई गई। प्रशिक्षण में जिला प्रबंधक (सामाजिक समावेशन सामाजिक विकास) भेरूलाल बुनकर, जिला रिसोर्स सेल से प्रीति लोधा जिला प्रबंधक अजय माली, जिला लेखाकार हेमन्त छीपा, केशियर रवि शंकर तिवाड़ी, एरिया कॉर्डिनेटर मनोज जायसवाल एवं भरत, परियोजना सहायक-एम.आई.एस. रेखा पालीवाल, आरपीआरपी डाली गहलोत सहित 187 सुरक्षा सखियों ने भाग लिया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!