अपराधियों पर भारी राजसमंद पुलिस

अवैध शराब, मादक पदार्थों से लेकर अवैध खनन और अवैध नकदी से लेकर मेटल्स तक प्रभावी कार्रवाई
जिलेभर में आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को कराया पाबंद, निरंतर कार्रवाई जारी

राजसमंद 6 नवंबर। जिले में शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने को लेकर हर अधिकारी जी-जान से जुटा हुआ है। इस कड़ी में राजसमंद जिला पुलिस भी पीछे नहीं है और दिन-रात कार्रवाई से आपराधिक तत्वों की नींद उडी हुई है। एसपी सुधीर जोशी और एडिशनल एसपी शिवलाल बैरवा के निर्देशन में जिले के विभिन्न हिस्सों में आचार संहिता लागू होने से अब तक व्यापक तौर पर कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस द्वारा अब तक अवैध शराब के विरुद्ध 133 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसमें 2 हजार 309 लीटर शराब जब्त की गई है और 18 हजार 294 लीटर वॉश नष्ट किया गया है। इसी प्रकार अवैध मादक पदार्थों पर कार्रवाई को लेकर भी पुलिस पीछे नहीं है। 11 प्रकरण दर्ज कर 2.268 किलोग्राम अफीम, 1.320 भांग, 36.715 गाँजा, 14.03 किलोग्राम डोडा चुरा, 2 ग्राम 270 मिली ग्राम ब्राउन शुग़र जब्त की जा चुकी है और आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।

ऐसे ही अब तक पुलिस द्वारा 7 लाख 55 हजार 380 रुपए की नगदी जब्त की जा चुकी है। साथ ही 20 धारदार हथियार की जब्त किए गए हैं। मेटल्स पर भी प्रभावी कार्रवाई हुई है। अब तक 81.85 किलोग्राम चांदी एवं 95.86 ग्राम सोना जब्त किया गया है। अवैध खनन को लेकर भी पुलिस मुस्तैद है, अब तक अवैध खनन में लिप्त 63 वाहन एवं अन्य सामग्रियां जब्त की  गई है।

जिले में पुलिस के 12 नाके हैं, 39 एक्टिव फ्लाइंग टीम है और 39 सक्रिय एसएसटी निरंतर कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जिले में अब तक 3385 लाइसेंसी हथियार भी पुलिस द्वारा जमा किए गए हैं। अजमानतीय वारंटों पर भी प्रभावी कार्रवाई हुई है। साथ ही आचार संहिता लागू होने से लेकर 5 नवंबर तक कुल 3733 व्यक्तियों को पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य कारणों से विविध प्रावधानों के तहत पाबंद करवाया गया है जिससे कि शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न हो सके।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!