राजसमंद : उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पुलिस लाइन में किया पौधारोपण

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से आमजन को मिली पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा -उप मुख्यमंत्री

राजसमंद, 10 अगस्त। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने शनिवार शाम राजसमंद पुलिस लाइन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील कर कहा कि अधिकाधिक पौधे लगाकर पर्यावरण के संरक्षण में अपना योगदान दें। इस दौरान विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, जिला कलक्टर डॉ भंवर लाल, एसपी मनीष त्रिपाठी, उप वन संरक्षक सुदर्शन शर्मा, एडीएम नरेश बुनकर, एडिशनल एसपी महेंद्र पारीक, जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी अर्चना बुगालिया, प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़ सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ बैरवा ने इस मौके पर प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सराहना की और इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने हरियाली तीज के दिन पुलिस लाइन में आयोजित हुए ‘हरियालो राजस्थान – एक पेड़ माँ के नाम’ जिला स्तरीय कार्यक्रम में हुई गतिविधियों की जानकारी ली और यहाँ किए गए पौधारोपण को सराहा। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक है, बल्कि समाज में पेड़-पौधों के प्रति संवेदनशीलता और आदरभाव भी उत्पन्न करता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक बार का कार्य नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और स्थानीय जनता को प्रेरित किया कि वे इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं।

पौधारोपण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी, समाजसेवी आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के अंत में डॉ उप मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि वे अपने कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे बड़े होकर एक वृक्ष में परिवर्तित होते देखें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण हमारे भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है जो हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण प्रदान करेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!