भारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु भर्ती के लिए पंजीकरण 17 जनवरी से शुरू
वायु सेना द्वारा जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं को किया जा रहा प्रेरित
राजसमंद 15 जनवरी। भारतीय वायु सेना द्वारा अग्निवीर वायु भर्ती की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन फॉर्म 17 जनवरी 2024 से 06 फरवरी 2024 रात्रि 11 बजे तक भर सकते हैं। ऑनलाइन परीक्षा 17 मार्च 2024 से आयोजित होगी।
अग्निवीर वायु भर्ती के लिए युवाओं को प्रेरित करने हेतु 5 एएससी वायु सेना जोधपुर से आए अधिकारी कॉरपोरल हेमंत कुमार और सिविल प्रशासन प्रभारी टी आर भील द्वारा भर्ती प्रक्रिया की जानकारी जिले के विभिन्न स्कूलों में जाकर दे रहे हैं। कॉरपोरल हेमन्त कुमार ने बताया कि राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली राजकीय श्री बालकृष्ण विद्या भवन उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय राजनगर में जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि साढ़े 17 से 21 वर्ष आयु वाले अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र होंगे। भर्ती प्रक्रिया हेतु उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा या इसके समकक्ष परीक्षा विज्ञान संकाय में गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय के साथ एवं कला तथा वाणिज्य संकाय मे किसी भी विषय के साथ 50 फीसदी अंकों के साथ, अंग्रेजी विषय में 50 फीसदी अंक होना जरूरी है। या तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक या दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स पास उम्मीदवार आवेदन के पात्र है।
इच्छुक अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय वायु सेना की आधिकारिक वेबसाइट indianairforce.nic.in और careerindianairforc.cdac.in पर भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी https://agnipathvayu.cdac.in पर लॉग इन कर विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं।
