उदयपुर: कांग्रेस नेता और आरसीए के पूर्व अध्यक्ष वैभव गहलोत, आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन व कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़, भाजपा नेता व पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़,
पूर्व राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर ने बुधवार को शंभू निवास पहुंचकर श्रीजी अरविंद सिंह मेवाड़ की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने उनके सुपुत्र डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस नेता वैभव गहलोत ने कहा, श्रीजी का निधन हम सभी के लिए दुखद समाचार है। जिस तरह से उन्होंने उदयपुर को अपनी पहचान दी, शहर उन्हें हमेशा याद रखेगा। इसके साथ ही वे पर्यटन, कला, संस्कृति, धरोहर और परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के संरक्षक थे, उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है, और उनकी कमी की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में बहुत काम किया। टूरिज्म सेक्टर को श्रीजी की कमी खलेगी।
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा, श्रीजी ने महाराणा प्रताप की परंपराओं को जीवित रखने का काम किया। इतिहास को संरक्षित करने में उनका योगदान रहा। सामाजिक सरोकारों में उनका बेमिसाल योगदान रहा। उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान को दुनिया में अमरत्व प्रदान किया। उनका चले जाना देश और विशेष रूप से राजस्थान के लिए अपूरणीय क्षति है। राजेंद्र राठौड़ के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी और भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली भी मौजूद रहे।
