राजस्थान विधानसभा में वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने इसे जिम्मेदार एवं स्थिर विकास को केंद्र में रखने वाला बजट बताया।
विधायक मेवाड़ ने कहा कि बजट में कृषि एवं उद्योग दोनों क्षेत्रों के संतुलित विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की गंभीर चुनौतियों जैसे साइबर अपराध पर नियंत्रण, सरकारी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा स्वास्थ्य एवं बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को बजट में प्रभावी रूप से संबोधित किया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश में स्थायी विकास, बेहतर शासन व्यवस्था एवं जनकल्याण की दिशा में एक सशक्त आधार सिद्ध होगा और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
