उदयपुर, 15 फरवरी। दक्षिण राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय ग्रीन पीपल सोसाइटी, उदयपुर की साधारण सभा में नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। कार्यकारिणी में सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर को पुनः अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है । निर्वाचन प्रक्रिया सेवानिवृत्त ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।
संस्था के विधानानुसार प्रत्येक दो वर्ष में कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जाता है। इसी क्रम में आगामी कार्यकाल हेतु नई टीम का चयन किया गया। साथ ही, ट्रस्ट पंजीयन (8 अप्रैल 2024) की अवधि पूर्ण होने के निकट होने के कारण सोसाइटी एवं ट्रस्ट—दोनों के चुनाव एक साथ कराने का निर्णय लिया गया।
वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना : बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी वर्ष में भी वन विभाग, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा विश्व प्रकृति निधि के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम पूर्ववत संचालित किए जाएंगे।
जयपुर बर्ड फेयर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विक्रम सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही पिपलांत्री पंचायत, ग्रीन पीपल सोसाइटी एवं टेरा ब्लू कम्पनी के मध्य प्रस्तावित त्रिपक्षीय एमओयू तथा कार्बन क्रेडिटिंग पहल पर भी सारगर्भित चर्चा हुई।
नई कार्यकारिणी : नवगठित कार्यकारिणी में राहुल भटनागर को पुनः अध्यक्ष चुना गया, जबकि विक्रम सिंह चौहान और डॉ. शरद श्रीवास्तव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। सुगंध जालान को कोषाध्यक्ष, डॉ. सतीश शर्मा को सचिव तथा एस.एन. दवे को सह सचिव का दायित्व सौंपा गया। सदस्य के रूप में सुहेल मजबूर, पी.एस. चुंडावत, डॉ. ललित जोशी एवं अरुण सोनी का चयन किया गया। चुनाव अधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्था की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल भटनागर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। चुनाव अधिकारी ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं।
