राहड़ा फाउंडेशन की पहल को मिला राष्ट्रीय स्वरूप, एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरु करने पर पीएम का जताया आभार

-बजट पूर्व सुझाव में फाउंडेशन की ओर से प्रस्तुत किया गया था ठोस प्रस्ताव
उदयपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर निरंतर जागरुकता फैला रहे राहड़ा फाउंडेशन की पहल को आज राष्ट्रीय स्तर पर साकार रूप मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर में देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान सरकार द्वारा जयपुर में बजट पूर्व सुझाव आमंत्रित किए जाने पर राहड़ा फाउंडेशन की संस्थापक अर्चना सिंह चारण ने महिलाओं के स्वास्थ्य, एचपीवी संक्रमण की रोकथाम तथा सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और टीकाकरण को लेकर एक विस्तृत एवं ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। आज जब यही विषय राष्ट्रीय अभियान के रूप में क्रियान्वित हो रहा है, तो यह संस्था के प्रयासों की सार्थकता और दूरदर्शिता को दर्शाता है। श्रीमती चारण ने कहा कि राहड़ा फाउंडेशन लंबे समय से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और कैंसर जागरूकता पर कार्य कर रहा है। एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ उन प्रयासों को और अधिक गति देगा तथा महिलाओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। संस्था ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे बालिकाओं के टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाएं, इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और महिला स्वास्थ्य को सामाजिक प्राथमिकता बनाने में सहयोग दें। श्रीमती चारण ने कहा कि यह केवल एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन की रक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का व्यापक जनआंदोलन है, जिसमें राहड़ा फाउंडेशन जनजागरण की अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!