udr bar
उदयपुर, 4 जुलाई : शहर में अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर वकीलों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। बार एसोसिएशन उदयपुर के बैनर तले अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए जिला न्यायालय परिसर से लेकर कलेक्ट्री तक प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बार एसोसिएशन के महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि 14 जून को पूर्व महासचिव रामलाल जाट और 15 जून को अधिवक्ता रविश धाभाई पर जानलेवा हमला हुआ। वहीं, एक महिला अधिवक्ता के साथ भी अमर्यादित व्यवहार किया गया जिसकी रिपोर्ट थाना घंटाघर में दर्ज है। बावजूद इसके, अभी तक किसी भी मामले में पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने बताया कि पिछले एक महीने में वकीलों पर 3 से 4 गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें महिला वकील से मारपीट और वरिष्ठ अधिवक्ताओं पर हमला शामिल हैं। बार बार शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता बेहद चिंताजनक है। उन्होंने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।
धरने में उपाध्यक्ष देवलाल जाट, सचिव अभिषेक कोठारी, वित्त सचिव राजकुमार शर्मा, पुस्तकालय सचिव खेमराज डांगी, नवीन वसीटा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को अब गंभीरता दिखानी होगी, अन्यथा आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।
