उदयपुर में विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद गौरव वल्लभ नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता ही उदयपुर का विधायक होगी. इस क्षेत्र में विकास के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, उसे किसी भी हद तक जाकर किया जायेगा. उदयपुर में भी नये हाईकोर्ट की स्थापना होगी. इसके लिए राजस्थान सरकार के साथ ही केंद्र सरकार व सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया जायेगा. यह बातें उदयपुर शहर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कही. शनिवार की शाम अभय बाग में सभी वकीलों के साथ उन्होंने एक बैठक की. इस बैठक के दौरान प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि उदयपुर में वर्षों से हाईकोर्ट की संपूर्ण बेंच बनाये जाने की मांग उठती रही है. क्षेत्र के लोगों हाईकोर्ट के लिए जोधपुर व जयपुर तक का भ्रमण करना पड़ता है. इससे वकीलों के साथ ही उदयपुर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. पूर्व में क्षेत्र के लोगों ने कई बार यह मांग की. लेकिन पूर्व विधायक गुलाब चंद कटारिया ने लोगों के इस मांग को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि इसकी कोई जरूरत ही नहीं है. प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि उदयपुर में हाईकोर्ट की स्थापना के लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा. इस बैठक में वकीलों की समस्याओं को भी काफी करीब से समझने की बात कही. इस दौरान प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान का चौतरफा विकास हो रहा है. लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है. राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जहां सरकारी कर्मचारियों को ओल्ड स्कीम का लाभ देने के साथ ही गृहणियों को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है. इस दौरान सरकार बनने के बाद सात गारंटी देने की भी बात कही. इस अवसर पर डॉ गिरिधारी लाल शर्मा, राव रतन सिंह, प्रफुल्ल करण पूरिया, इंद्र कुमार, पूर्व पार्षद प्रमोदिनी दक्षिणी, मो. शरीफ, पूर्व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष भरत वैष्णव पूर्व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष समेत काफी संख्या में अधिवक्ता व बुद्धिजीवी मौजूद थे. वहीं, इससे पूर्व सुबह 8.30 बजे हिरण मंगरी से जनसुपर्क अभियान की शुरुआत की गयी. वार्ड संख्या 38 व 39 में हिरण मंगरी सेक्टर 3 व 4 में जनसंपर्क व वार्ड का उन्होंने दौरा किया. जबकि शाम में वार्ड 45 में बड़ी पीपली चौक पहाड़ा में एक जनसभा को भी संबोधित किया गया. इस दौरान जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की गयी.
उदयपुर में हाईकोर्ट के फुल बेंच की करवाउंगा स्थापना : प्रोफेसर गौरव वल्लभ
