पीएम बोले, जिस राज्य में दुश्मन पर भी धोखे से वार नहीं किया जाता, वहां कपड़ा सिलाने आए लोग बेखौफ होकर काट देते हैं टेलर का गला
उदयपुर, संवाद सूत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस सरकार तथा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस राजस्थान की पहचान दुश्मन पर धोखे से वार करना नहीं है, वहां कपड़ा सिलाने आए लोग एक टेलर का गला काट देते हैं। पीएम ने जनसभा को संबोधित करने से पहले सांवलिया सेठ के दर्शन कर 7200 हजार करोड़ की परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिसमें सांवलियाजी कोरीडोर तथा कृष्णा सर्किट परियोजना भी शामिल है।
उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, जो कांग्रेस सरकार जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसे हटाना बेहद जरूरी है। जो उदयपुर में हुआ, उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। पांच सालों में कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान की सांस्कृतिक साख को तबाह कर दिया है।
उन्होंने कहा, ”मैं बहुत दुखी मन से कह रहा हूं कि आज जब अपराध की बात आती है तो राजस्थान टॉप पर आता है।” उन्होंने जनता से वादा किया कि जिस—जिस ने यहां भ्रष्टाचार किया है, गरीबों के पैसे लूटे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई अवश्य करेंगे। यह मोदी की गारंटी है। मोदी ने कहा कि जब भी देश में कहीं भी बेटियों पर अत्याचार होता है तो उन्हें दुख होता है। किन्तु कांग्रेस ने इसे परम्परा ही बना दिया। उन्होंने कहा, राजस्थान में पेपर लीक माफिया को जवाबदेह ठहराया जाएगा और कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
गहलोत मान चुके हैं हार, मोदी की गारंटी योजनाएं नहीं करेंगे बंद
पीएम मोदी ने कहा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनसे राजस्थान में कांग्रेस द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को बंद नहीं करने की बात कहकर पहले ही हार मान ली है और उन्होंने “गारंटी” दी कि भाजपा बंद नहीं करेगी।
गहलोत कुर्सी बचाने में जुटे रहे, आधी पार्टी हटाने में
पीएम मोदी ने कहा, गहलोत उठते—बैठते, सोते—जागते मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने में लगे रहे, जबकि आधी कांग्रेस उन्हें कुर्सी से हटाने में जुटी रही। वह अपने बेटे को बचाने और दूसरे के बेटे को उखाड़ने में ही लगे रहे।
राजस्थान में एक ही चेहरा कमल
प्रधानमंत्री मोदी ने एक सप्ताह में राजस्थान में दूसरी रैली को संबोधित करते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि अभी कोई मुख्यमंत्री चेहरा पेश नहीं किया जाएगा। राजस्थान में एक ही चेहरा है, वह है कमल। उन्होंने जनता से वादे किए कि भाजपा राजस्थान में हर गरीब को पक्की छत प्रदान करेगी। रैली में उपस्थित नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राजसमंद सांसद दीया कुमारी, विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल शामिल थे। सांवलियाजी में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी ग्वालियर को रवाना हो गए थे।
कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर प्रधानमंत्री मोदी का बयान, कांग्रेस सरकार और सीएम गहलोत पर साधा निशाना
