101 कारीगर शुद्धता के साथ बना रहे 56 भोग
उदयपुर। शहर के ऐतिहासिक बदनोर की हवेली स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान जी के 27वें भव्य छप्पन भोग महोत्सव को लेकर धर्मनगरी में उत्साह का माहौल है। श्री मंशापूर्ण मित्र मण्डल के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत भट्टी पूजन के साथ हो गई है। इस बार प्रभु के भोग को तैयार करने में सात्विकता और शुद्धता का विशेष अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
दूधतलाई में स्नान के बाद कोरे वस्त्रों में बनता है भोग
आयोजन समिति के भूपेश मेहता ने बताया कि छप्पन भोग तैयार करने के लिए राजू भाई सेठ के 101 अनुभवी कारीगर जुटे हुए हैं। मर्यादा और शुचिता का पालन करते हुए सभी 101 कारीगरों को मण्डल की ओर से दो जोड़ी कोरे वस्त्र भेंट किए गए हैं। नियम के अनुसार, सभी कारीगर प्रतिदिन अलसुबह दूधतलाई में पवित्र स्नान करते हैं और उसके पश्चात धुले हुए नए वस्त्र धारण करके ही रसोई में प्रवेश करते हैं। पूरी सात्विकता के साथ तैयार किया जा रहा यह महाप्रसाद 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हनुमान जी को धराया जाएगा।
वृंदावन की रामलीला ने मोहा मन
महोत्सव के तहत बदनोर की हवेली में श्रीधाम वृंदावन (मथुरा) के स्वामी मुकेशचंद्र ठाकुर के निर्देशन में भव्य रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रामलीला के प्रथम दिन ‘नारद मोह’ की लीला का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं दूसरे दिन प्रभु श्री राम के जन्म, मुनि विश्वामित्र के आगमन और ताड़का वध प्रसंग का मंचन किया जाएगा। रामलीला का आयोजन रोज शाम 7:30 से 10:30 बजे तक किया जा रहा है।
2 अप्रैल को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
मण्डल के राजेश तोषनीवाल और प्रवीण वैरागी ने जानकारी दी कि 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह 10:30 बजे हनुमान मंदिर से भव्य पाग महोत्सव एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भट्टियानी चौहट्टा, जगदीश चौक और घंटाघर होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। आयोजन को सफल बनाने में सुनील झंवर, अंकित भावसार, अंशुल, तनिष्क, संजू, विजय, अभिषेक और सुमित सहित कई कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। महोत्सव के दिन शाम 6:30 बजे से हेमराज राष्ट्रीय व्यायामशाला, गुलाब बाग रोड पर विशाल महाप्रसादी की व्यवस्था रखी गई है।
श्री मंशापूर्ण हनुमान जी के 27वें छप्पन भोग की तैयारियां शुरू
