जिले में ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों की तैयारी बैठक सम्पन्न

सरकार द्वारा आवंटित पंजीयन लक्ष्य को पूरा करने के लिए हो प्रभावी प्रयास-खेमका
उदयपुर, 30 मई। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा की पालना में राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को जिला परिषद सीईओ व मुख्य नोडल अधिकारी सुश्री सलोनी खेमका की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य नोडल अधिकारी ने समस्त अधिकारियों को राजीव गांधी ओलम्पिक खेलों में अधिक से अधिक पंजीयन करवाने पर जोर दिया तथा ओलम्पिक खेलों में आवेदकों  द्वारा पंजीयन के समय खेलने के स्थान के चयन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने सरकार के निर्देशानुसार जिले को आवंटित 3.10 लाख के लक्ष्य को पूरा करने के लिये प्रत्येक ब्लॉक को 20,000 पंजीयन का लक्ष्य दिया और शहर में लगभग 1.60 लाख प्रतिभागियों के पंजीयन के लिए प्रभावी प्रयास के निर्देश दिये।
बैठक में ओलम्पिक खेलों के लिए समस्त राज्य स्तर से प्राप्त नवीनतम दिशा-निर्देशों एवं अन्य जानकारियां सभी अधिकारियों तक पहुंचाने के लिये जिला खेल अधिकारी को एक व्हाटसऐप ग्रुप बनाकर सभी संबंधित अधिकारियों को इसमें जोड़ने की बात कही। उन्होंने समस्त खेल प्रशिक्षकों को सप्ताह में दो बार ब्लॉक स्तर पर विजिट कर ब्लॉक विकास अधिकारी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से सम्पर्क कर खेल मैदान एवं खेल सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने एवं पंजीयन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
मुख्य नोडल अधिकारी ने ओलम्पिक खेलों में खेले जाने वाले खेलों के प्रदर्शन एवं अभ्यास मैच आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने अधिक से अधिक पंजीयन के लिए युवा मामले एवं खेल विभाग द्वारा निर्धारित लिंक की जानकारी दी। बैठक में नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकरलाल बामनिया, नोडल अधिकारी जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन सहित अन्य विभागीय के अधिकारियों ने भाग लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!