प्रतापगढ़ : राजस्थान के प्रतापगढ़ में गोवंश से भरे 8 ट्रकों को रोका, गाडियों में तोड़फोड़

पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
उदयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ शहर के सूरजपोल चौराहे पर मंगलवार को लोगों ने गौवंश लेकर जा रहे आठ ट्रकों को रोककर हंगामा मचाया। वाहनों में तोड़फोड़ के साथ उनके चालकों से हाथापाई करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस से भी धक्का—मुक्की करने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ में सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को कुछ वाहनों में गोवंश ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर सूरजपोल चौराहे पर 8 वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई, तो उनमें गोवंश भरा हुआ था। कत्ल खाने ले जाए जाने की आशंका में कार्यकर्ताओं की ट्रक चालकों से कहासुनी हुई। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसी दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने गौवंश से भरे वाहनों पर पथराव कर दिया, जिससे उन वाहनों के शीशे टूट गए। वाहन चालकों से भी लोग हाथापाई करने लगे। इसके चलते घटनास्थल के दोनों ओर लंबा जाम लग गया था। मौके पर पहुंची पुलिस से भी हाथापाई करने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हंगामा करने वाले लोगों को खदेड़ा। उसके बाद रोड पर यातायात सुचारू रूप से संचालित करने में पुलिस को एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा ने बताया कि कोतवाल के जरिए सूचना मिली थी कि गोवंश को मध्य प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। मौके पर पहुंचे तो वहां लोगों ने गौवंश से भी गाड़ियों को घेरा हुआ था। उन सभी गाड़ियों को थाने लाया। 8 गाड़ियों में 108 गोवंश था। पुलिस उनके चालकों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने पुलिसकर्मियों से धक्का—मुक्की तब उन्हें खदेड़ने के डंडे अवश्य फटकारे। उन्होंने लाठीचार्ज की बात से इंकार किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!