खेरवाड़ा-नयागांव में दी पंजीयन संबंधी जानकारी
उदयपुर, 9 जून। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशन में जिले भर में राजीव गांधी ग्रामीण व शहरी ओलंपिक खेलों का अभ्यास जारी है। नोडल अधिकारी शकील हुसैन ने बताया कि शहर व ब्लॉक स्तर पर इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। विभिन्न खेलों में दक्ष-प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में खिलाड़ी पूरी तत्परता व लगन के साथ अभ्यास कर रहे है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में इस आयोजन में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नोडल अधिकारी शकील हुसैन ने खेरवाड़ा व नयागांव में आयोजित महंगाई राहत कैंप में पहुंचकर वहां आए ग्रामीणों को सरकार के इस अभियान की जानकारी दी और अधिक से अधिक पंजीयन के लिए आग्रह किया। इस दौरान कैंप स्थल पर उपस्थित मुख्य अतिथि खेरवाड़ा विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कहा कि प्रदेश की सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने व तराशने के लिए लगातार ऐसे वृहद आयोजन कर रही है। ऐसे में हर वर्ग के व्यक्ति इन खेलों में भाग लेकर सरकार के इस आयोजन को सफल बनाए। इस अवसर पर अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन
उदयपुर, 9 जून। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन शुक्रवार को जिले के सभी चिकित्सालयो पर किया गया जिसमें उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें चिन्हित किया गया और उनका इलाज करते हुए उन्हें पोषण युक्त आहार की सलाह दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर लाल बामनिया ने बताया कि राज्य स्तर के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया जाता है। इसी के तहत जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें गर्भ में पल रहे शिशु एवं स्वयं की देखभाल के बारे में बताते हुए पोषण युक्त आहार की जानकारी दी। इसमें गर्भवती महिलाओं के हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर ,लंबाई, एचआईवी, सिफलिश आदि की जांच की गई। आर सी एच ओ डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के गुणवत्ता युक्त प्रसव पूर्व जांच सुविधा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया जाता है जिससे गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने में मदद मिल सके। अभियान में सभी चिकित्सा सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
स्काउट अभिरूचि शिविर में छात्राएं रुचि से ले रही प्रशिक्षण
उदयपुर, 9 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड द्वारा हैप्पी होम स्कूल प्रतापनगर में आयोजित 40 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में छात्राएं, युवतियां व महिलाएं उत्साह के साथ विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जिला संगठन आयुक्त सुरेंद्र कुमार पाण्डे ने बताया कि बताया कि शिविर में सिलाई और मेहंदी का प्रशिक्षण मधुबाला वीरवाल, पेंटिंग और इंग्लिश स्पोकन का निषा मेसी डेजी, कुकिंग, डांस और टाई एण्ड डाई का शोभना भटनागर, ब्यूटीशियन का दिव्या मखीजा, इंटीरियर डेकोरेशन व टेरोकार्ड का कंचन रंगवानी, कंप्यूटर का विषाल भटनागर, गीत संगीत का प्रेम शंकर सालवी, स्काउट स्किल्स राधेश्याम मेनारिया, योगा मेडिटेशन का लक्ष्मण सिंह चौहान, कैरियर काउंसलिंग का प्रशिक्षण किशनलाल सालवी दे रहे है।
