साढ़े चार लाख की रिश्वत लेते थानाधिकारी का बेटा गिरफ्तार, थानाधिकारी एवं हैड कांस्टेबल को तलाश रही एसीबी की टीम 

उदयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) जयपुर की टीम ने शनिवार को फतहनगर थानाधिकारी के बेटे सौरभ मीणा को साढ़े चार लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसीबी ने फतहनगर थानाधिकारी सुरेश मीणा और उसके लिए काम करने वाले हैड कांस्टेबल महावीर प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज कर एक टीम को उसकी तलाश में लगाया है।
आरोप है कि इन लोगों ने डबोक थाने में दर्ज मादक पदार्थ की तस्करी के मामले के आरोपी और उसके दोस्त के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के एवज में रिश्वत की राशि ली है। एसीबी जयपुर प्रथम की टीम ने बीती रात थानाधिकारी के बेटे नारहेड़ा—कोटपुतली निवासी सौरभ मीणा को 4 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जबकि थानाधिकारी तथा हैड कांस्टेबल महावीर प्रसाद आठ लाख रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे। एसीबी की टीम दोनों को गिरफ्तार करने पहुंची लेकिन भनक लगते ही दोनों फरार हो गए। एसीबी की एक टीम उनकी तलाश में जुटी है। इधर, शनिवार को आरोपी सौरभ मीणा को उदयपुर में रिश्वत मामलों की सुनवाई करने वाले न्यायाधीश के समक्ष पेश किया और उसे रिमांड पर लिया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!