साइबर ठगों पर लगाई पुलिस ने नकेल, रिकवर कराए पीड़ितों के लाखों रूपये

—किसी से बैंक एकाउंट की केवाईसी तो किसी से क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर ठगे लाखों
उदयपुर, 25 जुलाई (ब्यूरो): शहर की हिरणमगरी थाना पुलिस ने साइबर अपराधों पर लगाम लगाते हुए लोगों से ठगे गए लाखों रूपय वापस दिलाने में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। हिरणमगरी थानाधिकारी दर्शन सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल राजकुमार जाखड़ ने साइबर सम्बन्धी अपराधों में ठगे गए लोगों के 2 लाख 43 हजार दो सौ बीस रूपय इकहत्तर पैसे रिकवर करवाए। पिछले एक माह में हिरणमगरी थाने पर ऑनलाइन साइबर ठगी की बड़ी संख्या में मिल रही शिकायतों के मद्देनजर थानाधिकारी दर्शन सिंह ने अपनी टीम के साथ साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों से डिटेल प्राप्त कर सम्बन्धित कम्पनियों व बैंको से संपर्क साधा। साइबर ठगों की पहचान कर उनके खाते फ्रीज करवाए गए तथा मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ित व्यक्तियों के पैसे रिकवर करवाए। ठगे गए लोगों में पुलिस ने हरिराम मीणा के क्रेडिट कार्ड को बन्द कराने के चक्कर में ठगे गए 65869.71 रुपए रिफंड कराए। अपने बैंक एकाउण्ट की केवाईसी अपडेट कराने के चक्कर में मैसेज में आए लिंक पर क्लिक कर अपने बैंक डिटेल भरने पर योगेश कुमार के साथ 1,43,303 रुपए की ठगी हो गई थी, जिसे साइबर पुलिस ने ठगों से पूरा का पूरा रिफण्ड कराया। वहीं अविनाश खोखरिया के हॉस्पिटल की पेमेंट करने के नाम हुई 28548 रुपए की ठगी के केस में भी पुलिस ने अपराधियों से पूरी राशि रिफण्ड कराई। साथ ही ऑनलाइन जॉब के लिए नौकरी.कॉम पर जाकर अपनी डिटेल भरने के बाद 5500 रुपए की साइबर ठगी की शिकार हुई प्रेमलता को भी पुलिस ने पूरी राशि रिफण्ड कराई। गौरतलब है कि अब तक इस टीम ने 13 माह में साइबर फ्रॉड के मामलों में करीब 26,12,017 रुपए की राशि रिकवर कर लोगों को पुनः रिफण्ड कराकर राहत पहुंचाई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!