सप्ताह में 6 दिन चलेगी, उदयपुर के पर्यटन में होगा बढ़ावा
उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजस्थानकी तीसरी ‘वंदे भारत ट्रेन’ को वर्चुअल कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दोपहर 12:30 बजे शहर के सिटी रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनता और यात्री शामिल हुए। राजस्थान समेत तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा, झारखंड और गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 वंदे भारत ट्रेनों को भी प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी भी उदयपुर के कार्यक्रम में मौजूद रहे।
25 से नियमित चलेगी
रेलवे के अनुसार उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सुविधाओं और कवच तकनीक सहित उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से सुसज्जित होगी। इसमें वातानुकूलित श्रेणी के 01 एग्जीक्यूटिव एवं 07 कुर्सीयान डिब्बे होंगे। जयपुर-उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस नियमित रेल सेवा 25 सितंबर से संचालित होगी। बताया गया कि गाड़ी संख्या 20979, उदयपुर-जयपुर वंदे भारत सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलेगी। ये उदयपुर से 07.50 बजे रवाना होकर 14.05 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20980, जयपुर-उदयपुर वंदे भारत जयपुर से 15.45 बजे रवाना होकर 22.00 बजे उदयपुर पहुंचेगी। रूट पर इस गाड़ी का उदयपुर के राणा प्रतापनगर, मावली, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, विजयनगर, अजमेर व किशनगढ स्टेशनों पर ठहराव होगा।
राजस्थान की तीसरी वंदे भारत को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
