उदयपुर। भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर श्री देवेंद्र धाम ट्रस्ट एवं राजकीय आयुर्वेदिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में श्री देवेंद्र धाम प्रांगण में निःशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनमानस ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का शुभारंभ उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व महापौर एवं ट्रस्ट की कार्यकारी अध्यक्ष रजनी विरेंद्र डांगी तथा राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.अशोक कुमार शर्मा के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर प्रो. डॉ. किशोरी लाल शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व के बारे में जानकारी दी।
शिविर में मदनमोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, उदयपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा आमजन को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। साथ ही एक्यूपंक्चर, कपिंग थेरेपी, योग एवं प्राणायाम की जानकारी भी दी गई, जिसमें युवाओं ने विशेष रुचि दिखाई। इसके अलावा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए काढ़ा वितरण तथा ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष प्रकाश झगड़ावत ने डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट के सहमंत्री हिम्मत मेहता ने बताया कि शिविर में 151 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में श्री देवेंद्र धाम ट्रस्ट से गणेशलाल गोखरू, विजय सिंह छाजेड, सुरेश बडाला, रमेश जैन, राजेंद्र लोढ़ा, रविंद्र सियाल, संगीता वर्डिया एवं सुरेश चपलोत उपस्थित रहे। वहीं महिला मंडल से रंजना छाजेड़, रेखा चोरड़िया, पुष्पा जैन एवं मंजू मेहता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महावीर जन्म कल्याणक पर सेवा का संकल्पःश्री देवेंद्र धाम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर में आमजन हुए लभान्वित
