डूंगरपुर, 23 फरवरी: आतरी वनखंड में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित एक पुराने कुएं में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने कुएं से पैथर की दहाड़ने की आवाज सुनी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक पैथर और एक जंगली सुअर कुएं में फंसे हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, संभवतः पैथर सुअर का शिकार कर रहा था, उसी दौरान दोनों कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग और वरदा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से भीड़ को नियंत्रित किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सबसे पहले कुएं में एक पिंजरा उतारा गया। कुछ देर की कोशिशों के बाद पैथर को पिंजरे में सुरक्षित कैद कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पैथर के एक पैर में हल्की चोट है, इसलिए उसे प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया है। इलाज के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। इसके बाद सुअर को भी सुरक्षित तरीके से पिंजरे के माध्यम से कुएं से बाहर निकाला गया और वन क्षेत्र में छोड़ा गया। रेस्क्यू अभियान दोपहर तक चला, जिसमें वन विभाग की तत्परता और सतर्कता से दोनों जानवरों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे, लेकिन प्रशासन की सूझबूझ से कोई अव्यवस्था नहीं हुई। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली।