परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी आज, चूड़ा सेरेमनी में जमकर नाचे मेहमान

चार राज्यों के मुख्यमंत्री लेंगे भाग, बहन प्रियंका नहीं होगी शामिल, इंस्टा पर युगल को दी बधाई
उदयपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा रविवार को विवाह बंधन में बंध जाएंगे। उनकी शाही शादी को लेकर उदयपुर में तैयारी पूरी हो चुकी है। शनिवार दोपहर को लीला पैलेस में परिणीति की चूड़ा सेरेमनी के साथ शादी के कार्यक्रम की शुरूआत हो गई। इसमें परिणीति तथा राघव के परिजनों के अलावा कुछ खास मेहमान शामिल हुए। इसमें दोनों परिवारों के सदस्यों ने जमकर डांस किया। संगीत के लिए दिल्ली से खास बैंड मंगवाया गया था। परिणीति को दोनों परिवार के सदस्यों ने आशीर्वाद दिया।
चूड़ा सेरेमनी कार्यक्रम लगभग तीन घंटे तक चला। इस बीच परिणीति की बड़ी बहन एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टा पर पोस्ट के जरिए सेलिब्रिेटी कपल को बधाई दी। बताया जा रहा है कि वह इस शादी में भाग नहीं ले पाएंगी। प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टा पर पोस्ट करते लिखा ‘ परिणीति—राघव को बधाई और शुभकामनाएं। तुम्हें ढेर सारा प्यार।
इधर, मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। शनिवार को इस शादी में शामिल होने के लिए परिणीति की बुआ और ननिहाल पक्ष के लोगों के साथ पंजाब से राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी, सेलिब्रिटी एस्ट्रोलॉजर आचार्य विनोद अरोड़ा, आप सांसद संजीव अरोड़ा, बिजनेसमैन अशोक मित्तल, एक्ट्रेस भाग्यश्री और कवि शैलेष लोढ़ा उदयपुर आ चुके हैं। रविवार सुबह तक अभिनेता अर्जुन कपूर, वरूण धवन भी उदयपुर पहुंचने वाले हैं। शाही शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत तथा छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। परिणीति के नाना और नाना भी इस शादी में भाग लेने आए। उन्होंने बताया कि वह पहली बार उदयपुर आए हैं और परिणीति की शादी को लेकर वह बेहद एक्साइटेड हैं।
लेक पैलेस से लीला में जाएंगी बारात 
परिणीति और राघव चड्ढ़ा का परिवार शुक्रवार को ही उदयपुर आ चुका। परिणीति का परिवार होटल लीला में, जबकि राघव का परिवार ताज लेक पैलेस होटल में ठहरा हुआ है। यहीं से राघव की बारात शाही एवं ऐतिहासिक गणगौर बोट में जाएगी। यह पहला मौका होगा कि इस बोट का उपयोग बारात ले जाने के लिए किया जाएगा।
परिणीति पहनेंगी खास लहंगा, मनीष मलहोत्रा ने दिया रॉयल टच
परिणीति अपनी फेरीटेल शादी के लिए स्टार डिजाइनर मनीष मलहोत्रा के डिजाइन किए आउटफिट्स को पहन कर राघव चड्ढा की दुल्हनिया बनेगी। मनीष और परिणीति बेहद अच्छे दोस्त हैं और बताया जाता है कि मनीष को पता है कि परिणीति को कौनसी आउटफिट पसंद आएगी। पता चला है कि परिणीति ने अपनी शादी के लिए बेसिक सॉलिड पेस्टल कलर का लहंगा चुना है। जिसकी कीमत लाखों में है। राघव भी उन खास आउटफिट में होंगे, जिनकी डिजायन मनीष ने की थी।
केजरीवाल और भगवंत मान एक साथ आए उदयपुर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार शाम को परिवार के साथ एक ही विमान से उदयपुर आए। दोनों सीएम एक ही कार से होटल के लिए निकले। जिनके रहने की व्यवस्था ताज लेक पैलेस होटल में की गई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!