नवोदित कवियों और गायन कलाकारों के प्रस्तुतियों के साथ पंच गौरव प्रदर्शनी का समापन

उदयपुर, 07 मार्च। विश्वप्रसिद्ध फतहसागर झील की पाल पर जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पंच गौरव प्रदर्शनी एवं मेले का शनिवार को उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ समापन हुआ। पंच गौरव क्रियान्वयन समिति के सदस्य सचिव एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक पुनीत शर्मा ने बताया कि समापन अवसर पर सांय शहर के नवोदित कवियों और गायन कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से उदयपुर जिले की उपलब्धियों, सांस्कृतिक धरोहर और विकास की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान युवा कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से जिले की पहचान, गौरवशाली इतिहास, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास कार्यों का वर्णन किया। इस दौरान द सौलफूल टेल्स की ओर से प्रसुख जैन, दिग्विजय सहित अन्य ने प्रस्तुतियां दी , संचालन समय सोनी ने किया इस अवसर पर सांख्यिकी विभाग के राहुल दायमा सहित सहयोगी विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रदर्शनी स्थल पर उपस्थित शहरवासी और पर्यटक देर शाम तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा। इस दौरान जिले की पंच गौरव अवधारणा के तहत विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई।

मेले के दौरान लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प वस्तुओं तथा ‘एक जिला एक उत्पाद’ जैसी पहल ने भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों ने भाग लेकर जिले की पंच गौरव से जुड़ी उपलब्धियों से परिचित होने का अवसर प्राप्त किया। उल्लेखनीय है तीन दिनों तक आयोजित पंच गौरव प्रदर्शनी का उद्घटान जिला कलेक्टर नमित मेहता द्वारा गुरुवार को किया गया था। प्रदर्शनी के माध्यम से जिले के पंच गौरव और उनसे जुड़ी उपलब्धियों से आमजन को रूबरू करवाया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!