सामाजिक कार्यक्रम में शरीक होकर बाइक से लौट रहे थे
उदयपुर, 10 मई। जिले के कानोड़ क्षेत्र में शुक्रवार को भाटिया तलाई के पास एक कार की टक्कर से बाइक पर सवार दम्पत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। वे एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक पर घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार डूंगला थाना क्षेत्र के भाटिया तलाई क्षेत्र में दोपहर करीब दो बजे हुई दुर्घटना में बाइक पर वार वल्लभनगर निवासी गणेश डांगी (52) व उसकी पत्नी बाबुड़ीबाई (45) की दर्दनाक मौत हो गई। कार की टक्कर से बाइक आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों पति पत्नी उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गणेश डांगी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की वल्लभनगर शाखा में संविदा कर्मचारी है जबकि उसकी पत्नी बाबुड़ीबाई एसबीआई बैंक के लिए बिजनेस कॉरस्पोंडेंस का काम करती है। वे नजदीक के एक रिश्तेदार के यहां करीब 40 किमी दूर बड़ा राजपुरा गांव में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने एक दिन पहले घर से निकले थे। शुक्रवार को वहां प्रसादी कर वे बाइक से वापस घर लौट रहे थे और रास्ते में कार से टक्कर हो गई। आगे चल रहे टेम्पो को ओवरटेक करने के प्रयास में कार ने बाइक को टक्कर मार दी। गणेश ने सिर पर पहना हेलमेट हादसे में बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।हादसे की सूचना पर डूंगला व कानोड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों को ग्रामीणों की मदद से चिकित्सालय पहुंचाया गया। गणेश व बाबुड़ी की मौत की सूचना पर परिजन चिकित्सालय पहुंचे। मृतक दम्पत्ति के 24 व 21 साल की पुत्र पुत्री है। पुत्र सुविवि से ग्रेजुएशन कर रहा है जबकि पुत्री दिल्ली में एमटेक की पढ़ाई कर रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार दम्पत्ति की दर्दनाक मौत
