लोकसभा आम चुनाव- 2024
अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू
उदयपुर, 28 मार्च। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा आम चुनाव- 2024 के द्वितीय चरण की अधिसूचना गुरुवार को जारी कर दी है। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी प्रारंभ हुई। उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए पहले दिन एक प्रत्याशी ने चार नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार अधिसूचना जारी होने के साथ ही उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन गुरुवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर 14 उदयपुर निवासी मन्नालाल रावत पुत्र गौतमलाल ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के तौर पर चार नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं। पोसवाल ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 4 अप्रैल तक चलेगी। इसमें उम्मीदवार राजकीय अवकाश को छोड़ कर शेष दिवस में सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे के मध्य रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय (जिला कलक्टर कार्यालय) में अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 अप्रैल को होगी। नाम वापसी की समय-सीमा 8 अप्रैल अपराह्न 3 बजे तक रहेगी।
मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंः राठौड़
अधिक से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश
स्वीप प्रकोष्ठ समन्वयकों की बैठक
उदयपुर, 28 मार्च। लोकसभा आम चुनाव- 2024 में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा हर मतदाता तक मतदान का संदेश पहुंचाने को लेकर स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी सीईओ जिला परिषद कीर्ति राठौड़ ने स्वीप टीम की बैठक ली।
डीओआईटी सभागार में निर्वाचन आयोग की वीडियो कांफ्रेन्स के दौरान श्रीमती राठौड़ ने स्वीप टीम की ओर से अब तक की गई गतिविधियों की जानकारी लेते हुए समीक्षा की। उन्होंने स्वीप जिला, शहर एवं ब्लॉक समन्वयकों को उन्हें आवंटित कार्यक्षेत्र में कराए गए कार्यक्रम को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी हो चुकी है। मतदान में अधिक समय शेष नहीं है। हर पात्र नागरिक तक मतदान का संदेश पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी समन्वयकों से अपने-अपने आवंटित कार्य क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, लोगों को मतदान की शपथ दिलाने, मतदाताओं को वीएचए, सक्षम एप, सी-विजिल आदि की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रकोष्ठ सहप्रभारी व सीपीओ पुनीत शर्मा, हितेंद्र सोनी सहित स्वीप टीम से जुड़े जिला, शहर और ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।
29 से 31 मार्च तक खुले रहेंगे रजिस्ट्रार कार्यालय
उदयपुर, 28 मार्च। जिले में 29 से 31 मार्च तक राजकीय अवकाशों में भी विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय खुले रहेंगे। उप महानिरीक्षक डॉ. तरू सुराणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से आवंटित लक्ष्य अर्जित करने के लिए आगामी तीनों दिवसों में अवकाश होने पर भी उदयपुर वृत्त स्थित उप महानिरीक्षक एवं पदेन कलक्टर (मुद्रांक) एवं समस्त पूर्ण कालीन एवं पदेन उप पंजीयक के कार्यालय खुले रहेंगे। इस दौरान आमजन सामान्य कार्य दिवसों की भांति रजिस्ट्री एवं अन्य कार्य करवा सकेंगे।
मोबाइल पुलिस दल व चुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों-कार्मिको का प्रशिक्षण 30 को
उदयपुर, 28 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर लोकसभा आम चुनाव 2024 के दृष्टिगत मोबाइल पुलिस दल एवं चुनाव ड्युटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों का जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण 30 मार्च को सुबह 10 बजे से नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित होगा। यह प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स व जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स, विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स प्रदान करेंगे। समस्त प्रशिक्षण का पर्यवेक्षण प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण द्वारा किया जाएगा।
चिकित्सकों-विशेषज्ञों की सीएमई 31 को
उदयपुर, 28 मार्च। आरएनटी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग एवं एपीकॉन 86 ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एक सीएमई का आयोजन 31 मार्च को आरएनटी के सभागार में सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2ः30 बजे तक होगा। आयोजन सचिव डॉ राजेश मीणा ने बताया कि इस संगोष्ठी में कोटा के ख्यातनाम चिकित्सक डॉ विकास खंडेलिया, उदयपुर के डॉ मयंक आमेटा, डॉ अतुलाभ वाजपेयी, डॉ एस. के. कौशिक, डॉ मुकेश बरजातिया व डॉ अमित खंडेलवाल अपने उदगार व्यक्त करेगें। मेडिसीन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ हेमंत माहुर व सीनियर प्रोफेसर डॉ आर. एल. मीना ने बताया कि उदयपुर संभाग के लगभग 200 वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मिलित होने की संभावना है। एपीकॉन 86 ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ बी एस बंब ने बताया कि ऐसी सीएमई का आयोजन एक वर्ष में दो बार किया जाता है।
