उदयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को उदयपुर आ रहे हैं. गहलोत उदयपुर शहर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव वल्लभ के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे. तथा तय कार्यक्रम के अनुसार गहलोत शुक्रवार दोपहर को उदयपुर पहुंचेंगे. दोपहर 3.30 बजे सुखाड़िया सर्कल से रोड शो शुरू होगा जो स्टर्नलियोन अपार्टमेंट, पंचवटी चौराहा, भारतीय लोक कला मंडल, सहेली मार्ग तिराहा होते हुए महाराणा भूपाल स्टेडियम पहुंचेंगे. जहा शाम साढ़े चार बजे गांधी ग्राउंड में कांग्रेस की एक जनसभा भी होगी. इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास, प्रभारी वीरेंद्र सिंह, उदयपुर सीट की पर्यवेक्षक कांता शर्मा, प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ के साथ ही जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान सभी को संबोधित करते हुए प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में रोड शो नहीं बल्कि यह लोड शो हो रहा है, जो भाजपा नेताओं के दिमाग पर एक लोड दे देगा कि वे कितनी बड़ी मार्जिन से चुनाव हारेंगे. कहा कि उदयपुर के लोगों ने तय कर लिया है कि इस बार उदयपुर में परिवर्तन होगा. उदयपुर के सकारात्मक विकास के लिए, युवाओं के रोजगार के लिए, महिलाओं के आत्म सम्मान के लिए, सरकारी कर्मचारियों के रिटायरमेंट के बाद अच्छी जिंदगी के लिए, बुजुर्गों के पेंशन, बीमार के इलाज के साथ ही बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए लोग कांग्रेस को वोट करेंगे और उदयपुर में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत दर्ज होने की बात कही. इस दौरान एआइसीसी से खास तौर पर उदयपुर पहुंचे कांता शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा के बाद भाजपा की हार का अंतर और ज्यादा बढ़ेगा. वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास ने भी अधिक से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गारंटी यात्रा व सभा में शामिल होने की अपील की है.

सुबह से रात तक चलाया जनसंपर्क अभियान, कहा जीतने के बाद उदयपुर का होगा चौमुखी विकास : गुरुवार की सुबह प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने सुबह 8:30 बजे सिख कॉलोनी गुरुद्वारा में मत्था टेका. इसके बाद वार्ड नंबर 35 एवं वार्ड 48 में जन संपर्क अभियान चलाया. इसके साथ ही बैरवा कॉलोनी हनुमान मार्ग, दर्शन पूरा, कुम्हारों के भट्टा पर जन संपर्क किया. शाम 4.30 बजे से वाल्मीकि समाज बस्ती शक्ति नगर वार्ड 61, वार्ड 9, एवं 10 में जनसंपर्क अभियान चलाया. वहीं, शाम 5 बजे से एडवोकेट मुस्तकिल खान के निवास स्थान से सज्जन नगर पानी की टंकी के पास स्वागत बैठक हुआ. इसके साथ ही लोहिया नगर, अहमद हुसैन कॉलोनी, पुलिस कॉलोनी, भीलू राणा कॉलोनी ,गज सिंह बाड़ी ,हर्ष नगर राता खेत में जनसंपर्क अभियान चलाया. वहीं, शाम 7.15 बजे वार्ड नंबर 41 मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में एक जन सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने हर किसी से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की.
शुक्रवार को अशोक गहलोत के नेतृत्व में रोड शो नहीं बल्कि यह लोड शो – प्रोफेसर गौरव वल्लभ
