मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम चुनाव, 2024 के लिये शीघ्र ही चुनाव की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सम्पूर्ण राज्य मे आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जायेगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल ने आदर्श आचार संहिता की पालना के लिए जिला परिषद सीईओ को ग्रामीण क्षेत्र के लिए, नगर निगम आयुक्त को शहरी क्षेत्र, नगर विकास प्रन्यास सचिव को उदयपुर शहरी क्षेत्र और स्थानीय निकाय उपनिदेशक को संबंधित नगरपालिका क्षेत्र हेतु नियुक्त करते हुए निर्देशित किया है कि वे अपने अपने क्षेत्र मे सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करायेगे।
सीएचओ का 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू
उदयपुर, 11 मार्च। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर का 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हरिश्चंद माथुर लोक प्रशासन संस्थान में सोमवार को शुरू हुआ। इस अवसर पर रीपा की एडिशनल डायरेक्टर रागिनी डामोर आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ राजीव भट्ट, सहायक निदेशक डॉ भूपेंद्र शर्मा, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ विजय प्रकाश गौतम, डॉ शोभालाल औदीच्य ने भगवान धन्वंतरि को दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।
डॉ. औदीच्य ने बताया कि इस 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 24 सेशन आयोजित किए जाएंगे,जिसमें विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ घनश्याम मीणा ने बताया की प्रशिक्षण कार्यक्रम में उदयपुर, राजसमंद व प्रतापगढ़ चित्तौड़गढ़ जिले से 60 आयुर्वेद चिकित्सकों को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सकों को नवीन तकनीक एवं संस्थागत आधारभूत ढांचे के साथ अति आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के बारे में अधिक उन्नत किया जाना है। पूरे प्रदेश में चल रहे वैलनेस सेंटर्स को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलकर अधिक उन्नत सेवाएं आम जन तक पहुंचाने का भारत सरकार का प्रयास है।
इस अवसर पर डॉ विष्णु बंशीवाल डॉ शैलेंद्र शर्मा डॉ संजय महेश्वरी परिचारक निर्भय सिंह लालू राम अपनी सेवाएं दे रहे है।
पीएम सूरज राष्ट्रीय पोर्टल का लॉन्च, लाभार्थी संवाद एवं मेगा ऋण मेला का आयोजन 13 को
उदयपुर नगर निगम के पंडित दीनदयाल सभागार में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
उदयपुर, 11 मार्च। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय द्वारा 13 मार्च को शाम 4 बजे आयोजित पीएम सूरज राष्ट्रीय पोर्टल का लॉन्च, लाभार्थी जनसंवाद एवं राष्ट्रीय निगमो द्वारा आयोजित मेगा ऋण मेले का जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम के पंडित दीनदयाल सभागार में होगा। अनुजा निगम की परियोजना प्रबंधक वीना मेहरचंदानी ने बताया कि इस कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री ऑनलाइन वेबकास्ट के माध्यम से वर्चुअल रूप से जुडकर ऋण अभ्यार्थियों से संवाद करेंगेंं। वहीं ऋण मेले में राष्ट्रीय निगमां, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति निगम, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति निगम, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी निगम एवं राष्ट्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग निगम के माध्यम से अनुसूचित जाति, सफाई कर्मचारी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों से संवाद कर ऋण स्वीकृत किया जायेगा।
